menu-icon
India Daily

भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का आगाज आज से, वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार आमने-सामने दोनों टीमें

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा. यह 2026 टी20 विश्व कप फाइनल के बाद दोनों टीमों की पहली भिड़ंत है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का आगाज आज से, वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार आमने-सामने दोनों टीमें
Courtesy: @SahilSinghadiya X Account

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज आज यानी 22 अक्टूबर से होने जा रहा है. सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा. इस मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल के बाद दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था.

भारतीय टीम इस सीरीज के साथ न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत करेगी. दोनों टीमों के बीच टी20 क्रिकेट में लंबे समय से कड़ी प्रतिद्वंद्विता देखने को मिली है. साल 2007 से शुरू हुई इस द्विपक्षीय भिड़ंत में शुरुआती दौर में न्यूजीलैंड का दबदबा रहा. कीवी टीम ने भारत के खिलाफ शुरुआती पांच टी20 मुकाबले लगातार जीते थे. भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पहली टी20 जीत के लिए करीब 10 साल का इंतजार करना पड़ा.

भारत ने पलटा पूरा खेल

नवंबर 2017 में दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर भारत ने न्यूजीलैंड को 53 रनों से हराकर पहली टी20 जीत दर्ज की. इसके बाद दोनों टीमों के बीच मुकाबले लगातार रोमांचक होते गए. भारत ने अगले दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड पर अपना दबदबा कायम किया.

दोनों टीमों के बीच अब तक 31 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं. शुरुआती मुकाबलों में न्यूजीलैंड के बेहतर प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम ने रिकॉर्ड में जोरदार वापसी की. 2019 में न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीती थी, लेकिन इसके बाद भारत ने कई अहम सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया.

2020 में भारत ने किया क्लीन स्वीप

साल 2020 का न्यूजीलैंड दौरा भारतीय टीम के लिए यादगार रहा. विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड को 5-0 से क्लीन स्वीप किया. सीरीज के दो मुकाबले टाई रहने के बाद भारत ने सुपर ओवर में जीत दर्ज की थी. इसके बाद आखिरी मुकाबला भी भारत ने अपने नाम किया.

2021 टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया था. इसके बाद भारत ने घरेलू सीरीज में कीवी टीम को लगातार तीन मैचों में हराकर जवाब दिया. इसके बाद भी दोनों टीमों के बीच मुकाबले लगातार रोमांचक बने रहे.

2026 विश्व कप फाइनल का बदला नहीं भूली होगी न्यूजीलैंड

टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए थे. संजू सैमसन ने 89, अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रनों की तेज पारियां खेलीं. लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रनों से मुकाबला जीत लिया.

अब हेगले ओवल में होने वाला पहला टी20 मुकाबला दोनों टीमों के लिए नई शुरुआत है. भारत जहां विश्व कप की जीत का आत्मविश्वास लेकर मैदान पर उतरेगा, वहीं न्यूजीलैंड की नजर फाइनल की हार के बाद वापसी करने पर होगी. ऐसे में पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है.