menu-icon
India Daily

बांग्लादेश दौरे पर BCCI लेगा सरकार की मंजूरी, जल्द होगा बड़ा फैसला

भारतीय टीम के प्रस्तावित बांग्लादेश दौरे को लेकर BCCI अब भारत सरकार से मंजूरी और साफ निर्देश मांगेगा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
बांग्लादेश दौरे पर BCCI लेगा सरकार की मंजूरी, जल्द होगा बड़ा फैसला
Courtesy: X

भारतीय क्रिकेट टीम के बांग्लादेश दौरे पर अभी तस्वीर साफ नहीं है. BCCI ने संकेत दिया है कि वह दौरे को लेकर भारत सरकार से मंजूरी और मार्गदर्शन लेगा. BCB ने भी सीरीज को लेकर BCCI से संपर्क किया है. प्रस्तावित दौरे में तीन वनडे और तीन T20I मैच खेले जाने हैं.

BCCI सरकार से मांगेगा साफ निर्देश

BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बोर्ड इस समय बांग्लादेश दौरे पर अपने स्तर से फैसला नहीं ले सकता. इसलिए भारत सरकार से मंजूरी और आगे की दिशा को लेकर जानकारी मांगी जाएगी. BCB ने इस मामले में BCCI को पत्र भेजा है और दोनों क्रिकेट बोर्ड लगातार संपर्क में हैं. प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक भारतीय टीम को 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचना है। तीन वनडे 1, 3 और 6 सितंबर को. वहीं तीन T20I 9, 12 और 13 सितंबर को खेले जाने हैं. हालांकि, इन तारीखों पर सीरीज होगी या नहीं, यह सरकार की सलाह के बाद ही तय होगा.

मुस्तफिजुर विवाद से बढ़ा था तनाव

दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों में तनाव की बड़ी वजह मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ा विवाद रहा. BCCI ने IPL 2026 के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया था. KKR ने उन्हें दिसंबर 2025 की नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. वह उस नीलामी में चुने गए इकलौते बांग्लादेशी खिलाड़ी थे. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने उस समय फैसले के पीछे दोनों देशों के बीच हुए हालिया घटनाक्रम को कारण बताया था. इसके बाद बांग्लादेश में इस फैसले को लेकर नाराजगी देखने को मिली और दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों पर इसका असर पड़ा.

T20 वर्ल्ड कप से दौरे तक अटकी तस्वीर

मुस्तफिजुर मामले के बाद BCB ने सुरक्षा और अपनी सरकार की सलाह का हवाला देते हुए 2026 T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आने का फैसला किया था. बोर्ड ने ICC से बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर कराने की मांग भी की थी. इसके अलावा बांग्लादेश में IPL के प्रसारण और प्रचार पर भी रोक लगाई गई. भारत का बांग्लादेश दौरा पहले अगस्त 2025 में होना था लेकिन तीन वनडे और तीन T20I की सीरीज को सितंबर 2026 तक टाल दिया गया. दोनों बोर्ड ने तब शेड्यूल और अंतरराष्ट्रीय व्यस्तताओं को वजह बताया था. अब प्रस्तावित सीरीज दोनों देशों के क्रिकेट रिश्तों के लिए अहम मानी जा रही है. BCB लगातार संपर्क में है और चाहता है कि क्रिकेट के जरिए दोनों देशों के बीच रिश्ते फिर सामान्य हों.