menu-icon
India Daily

Asian Games 2026: कब-कब मैदान में उतरेगी टीम इंडिया? यहां नोट कर लें पूरा शेड्यूल

एशियन गेम्स 2026 में भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें गोल्ड मेडल के लक्ष्य के साथ उतरेंगी. महिला टीम 18 सितंबर से अभियान शुरू करेगी, जबकि पुरुष टीम सीधे 28 सितंबर को क्वार्टरफाइनल खेलेगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
Asian Games 2026: कब-कब मैदान में उतरेगी टीम इंडिया? यहां नोट कर लें पूरा शेड्यूल
Courtesy: X (@BCCI)

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय फैंस की निगाहें क्रिकेट मुकाबलों को लेकर टीम इंडिया पर टिकी हुई हैं. भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमें पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी. महिला टीम का अभियान 18 सितंबर को जापान के खिलाफ मुकाबले से शुरू होगा. जीत मिलने पर उसके सामने सेमीफाइनल में बांग्लादेश या चीन की चुनौती होगी. वहीं पुरुष टीम को सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश मिला है और वह 28 सितंबर को अपना पहला मैच खेलेगी. दोनों टीमों के शेड्यूल पर नजर डालते हैं.

18 सितंबर से महिला टीम का अभियान होगा आगाज

भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स में अपना पहला मुकाबला 18 सितंबर को जापान के खिलाफ खेलेगी. इस मैच में जीत हासिल करने पर टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचेगी. वहां उसका सामना बांग्लादेश या चीन में से किसी एक टीम से हो सकता है. भारतीय टीम की नजर फाइनल में जगह बनाने पर होगी. महिला क्रिकेट का गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा.

सीधे क्वार्टरफाइनल में पहुंची पुरुष टीम

भारतीय पुरुष टीम को टूर्नामेंट में सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है. टीम इंडिया अपना पहला मैच 28 सितंबर को खेलेगी. यह मुकाबला ग्रुप स्टेज से आगे बढ़ने वाली टीम के खिलाफ होगा. क्वार्टरफाइनल में जीत दर्ज करने के बाद भारत का सामना 1 अक्टूबर को श्रीलंका या ग्रुप A की शीर्ष टीम से हो सकता है. ऐसे में पुरुष टीम के लिए शुरुआत से ही मुकाबले अहम रहेंगे.

3 अक्टूबर को मिलेगा गोल्ड का फैसला

पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में पदकों के लिए मुकाबले अक्टूबर में होंगे. गोल्ड मेडल के लिए फाइनल मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा. इसी दिन ब्रॉन्ज मेडल के लिए भी मैच होगा. भारतीय टीम अगर लगातार जीत दर्ज करती है तो इस तारीख को गोल्ड मेडल के लिए मैदान में उतर सकती है. दोनों भारतीय टीमों की कोशिश अपने अभियान को पदक के साथ खत्म करने की होगी. फैंस ये क्रिकेट मुकाबले सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लाइव पर देखे जा सकते हैं.

एशियन गेम्स के लिए भारतीय मेंस और वुमेंस टीम

भारतीय मेंस टीम का स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर.

भारतीय वुमेंस टीम का स्क्वाड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, जी कमलिनी, भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, नंदनी शर्मा.