नई दिल्ली: भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह आज अपना 27वां जन्मदिन मना रहे हैं. बांए हाथ के तेज गेंदबाज ने सफेद गेंद क्रिकेट में अपनी एक अलग ही पहचान बनाई है. उन्होंने जब से सफेद गेंद क्रिकेट में पदार्पण किया है तब से वह भारत के लिए किफायती ही साबित हुए हैं. अर्शदीप सिंह भारतीय टीम के साथ-साथ अपनी आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के भी संकटमोचन हैं. जब भी टीम को उनकी जरूरत होती है वह अक्सर मौजूद रहते हैं. लेकिन हमेशा से अर्शदीप इतने फैंस में लोकप्रिय नहीं थे.
एक समय ऐसा भी था जब वह साइकिल पर सफर करने को मजबूर थे लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत कहते रहे और अंत में वो मुकाम हांसिल किया जो वह पाना चाहते थे. अब अर्शदीप टी20 क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. उन्होंने अपने करियर में बहुत से दिग्गज बल्लेबाजों को अपनी तेज तर्राक गेंदबाजी का शिकार बनाया है.
आज अर्शदीप सिंह किसी पहचान के मोहताज नहीं है. लेकिन एक समय ऐसा था जब वह अपने करियर और अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहे थे. बता दें अर्शदीप सिंह एक बेहद सामान्य परिवार से ताल्लुख रखते हैं. अर्शदीप सिंह का जन्म एमपी के गुना में हुआ था, लेकिन बाद में उनका परिवार पंजाब में जा बसा.
इसके साथ ही शुरु हुई अर्शदीप सिंह के सपने की कहानी. नन्हें अर्शदीप ने परिवार की परिस्थितियों को नजरअंदाज करते हुए अपने सपने को वरियता दी और क्रिकेटर बनने का सपना देखा. लेकिन उनके लिए यह सफर इतना आसान नहीं था. शुरु के दिनों में अर्शदीप को ट्रेनिंग के लिए चंडीगढ़ जाना पड़ता था. वह रोज करीब 13-15 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर जाते थे.
चमकने के लिए एक मौका तलाश रहे अर्शदीप को जल्द ही वह सुनहरा मौका मिला. आईपीएल 2020 में अर्शदीप ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान पहली अपनी ओर आकर्षित किया. आईपीएल के अंतिम ओवरों में उन्होने यॉर्कर डालकर दबाव को दूसरी टीम पर डाल दिया. इसके बाद से वह पंजाब के नियमित खिलाड़ी बन गए.
अर्शदीप के इस प्रदर्शन के चलते ही उन्हें साल 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला. उसके बाद से वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम का हिस्सा बन गए. बता दें ICC T20 WC 2024 में टीम का अहम हिस्सा थे.
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बुमराह के बाद अर्शदीप सिंह सिंह सबसे खतरनाक भारतीय तेज गेंदबाजों की सूची में शुमार हैं, खासकर डेथ ओवरों में. उनकी सटीक गेंदबाजी ने भारत को कई मुकाबले में जीत दिलाई है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सितंबर 2025 में, अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने, उन्होंने यह उपलब्धि मात्र 64 मैचों में हासिल की, जो किसी भारतीय तेज गेंदबाज द्वारा सबसे तेज उपलब्धि है.