IPL 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के शेड्यूल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और इसके जवाब में भारत द्वारा शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है. हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने साफ कर दिया है कि मौजूदा हालात में आईपीएल अपने तय शेड्यूल के अनुसार ही चलेगा.
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हाल ही में बताया कि आईपीएल 2025 का शेड्यूल फिलहाल अपरिवर्तित रहेगा. इस सीजन में अब तक 74 में से 56 मैच खेले जा चुके हैं और प्लेऑफ की रेस रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है. अधिकारी ने कहा, "हम स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं. अगर हालात बदलते हैं, तो उसी हिसाब से फैसला लिया जाएगा, लेकिन अभी के लिए आईपीएल तय कार्यक्रम के अनुसार चलेगा."
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा कि बीसीसीआई सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करेगा और जरूरत पड़ने पर उचित कदम उठाएगा. धूमल ने कहा, "आईपीएल गवर्निंग काउंसिल स्थिति पर नजर रख रही है. कई तरह की अटकलें चल रही हैं, लेकिन जब भी देशहित में कोई फैसला लेने की जरूरत होगी, बीसीसीआई सरकार और देश के साथ खड़ा रहेगा."
पहलगाम में आतंकी हमले के बाद 26 टूरिस्टों की जान चली गई थी. हमले की जिम्मेदारी 'द रेसिस्टेंस फ्रंट' (टीआरएफ) नामक संगठन ने ली, जिसे पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी माना जाता है. इसके जवाब में भारत ने 6-7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया, जिसमें सेना, नौसेना और वायुसेना ने मिलकर पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए. इस ऑपरेशन ने दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया.
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का असर क्रिकेट पर पहले भी देखा गया है. बीसीसीआई ने पहले ही साफ कर दिया है कि वह पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं खेलेगा. हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं गई और भारत-पाकिस्तान मैच दुबई में आयोजित किए गए. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट पर भी इस तनाव का असर पड़ेगा?