IND W vs SA W: महिला ट्राई-सीरीज 2025 के पांचवें मैच में भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलंबो में धमाकेदार प्रदर्शन किया. जेमिमा ने 101 गेंदों में 123 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसकी बदौलत भारतीय महिला टीम ने 50 ओवर में 337/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया. उनकी इस पारी ने न सिर्फ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि क्रिकेट फैंस का दिल भी जीत लिया.
जेमिमा रोड्रिग्स ने अपनी बल्लेबाजी से साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की एक न चलने दी. उन्होंने 101 गेंदों में 123 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 1 छक्का शामिल था. उनकी स्ट्राइक रेट 121.78 की रही, जो उनकी आक्रामक और समझदारी भरी बल्लेबाजी को दर्शाती है. इस शतक के साथ जेमिमा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय महिला बल्लेबाजों की सूची में अपना नाम दर्ज कर लिया. यह जेमिमा का वनडे करियर का दूसरा शतक था. इससे पहले उन्होंने 2025 में आयरलैंड के खिलाफ 91 गेंदों में 102 रन बनाए थे.
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और भारत की सलामी बल्लेबाज प्रतीक्षा रावल मात्र 1 रन बनाकर दूसरे ओवर में आउट हो गईं. इसके बाद हरलीन देओल और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने छोटी-छोटी पारियां खेलीं, लेकिन स्कोर को आगे बढ़ाने में नाकाम रहीं. ऐसे में जेमिमा ने स्मृति मंधाना (51 रन, 63 गेंद) के साथ 88 रनों की साझेदारी की और फिर दीप्ति शर्मा (93 रन, 84 गेंद) के साथ 122 रनों की शानदार साझेदारी कर भारत को मजबूती दी.
𝙃𝙐𝙉𝘿𝙍𝙀𝘿! 💯
— BCCI Women (@BCCIWomen) May 7, 2025
Jemimah Rodrigues notches her Second ODI Century! 🙌
A sublime knock this from the #TeamIndia batter 👏👏
Updates ▶️ https://t.co/V5htnun1j2#WomensTriNationSeries2025 | #INDvSA | @JemiRodrigues pic.twitter.com/qhZhGTMuib
भारत का स्कोर एक समय 138/4 था, लेकिन जेमिमा और दीप्ति की जोड़ी ने खेल का रुख पलट दिया. दीप्ति ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 93 रनों की पारी खेली. अंतिम ओवरों में रिचा घोष (20 रन, 12 गेंद) और चारानी (6 रन, 3 गेंद) ने तेजी से रन बटोरकर भारत को 337/9 तक पहुंचाया. साउथ अफ्रीका के गेंदबाज इस भारतीय बल्लेबाजी आक्रमण के सामने बेबस नजर आए.