नई दिल्ली: आज 24 मार्च 2026 को विश्व टीबी दिवस (World Tuberculosis Day) मनाया जा रहा है. इस साल का थीम है 'Yes! We Can End TB!' जो हमें याद दिलाता है कि सही प्रयासों से इस बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सकता है. टीबी यानी तपेदिक अब लाइलाज नहीं रही, लेकिन शुरुआती लक्षणों को पहचानना बहुत जरूरी है.
अगर समय पर ध्यान दिया जाए तो साधारण दवाओं से यह पूरी तरह ठीक हो जाती है. जागरूकता बढ़ाने का यह दिन हमें सतर्क करता है कि छोटी-छोटी अनदेखी लक्षण बड़ी समस्या बन सकती हैं. टीबी माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस नामक बैक्टीरिया से होती है.
यह मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है, लेकिन शरीर के अन्य अंगों में भी फैल सकती है. पहले के समय में यह जानलेवा मानी जाती थी, पर आज उन्नत जांच और इलाज उपलब्ध हैं. फिर भी हर साल लाखों लोग इससे प्रभावित होते हैं. अगर आपको लगातार खांसी, बुखार या वजन घटना जैसी शिकायत हो तो इसे सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज न करें. डॉक्टरों का कहना है कि 2 हफ्ते से ज्यादा लक्षण बने रहने पर तुरंत जांच करानी चाहिए.
टीबी के शुरुआती लक्षण अक्सर हल्के होते हैं और आम बीमारियों जैसे लगते हैं. सबसे आम है 2 से 3 हफ्ते से ज्यादा चलने वाली खांसी. इसमें बलगम या कभी-कभी खून भी आ सकता है. साथ ही सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, शाम या रात को हल्का बुखार, रात में पसीना आना और थकान महसूस होना भी इसके संकेत हैं. भूख कम लगना और धीरे-धीरे वजन घटना भी चेतावनी का संकेत है.
अगर ऊपर बताए कोई भी दो या ज्यादा लक्षण 2 हफ्ते से अधिक समय तक बने रहें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें. खासकर अगर खांसी के साथ खून आ रहा हो या वजन तेजी से घट रहा हो तो देरी न करें. टीबी मरीज के संपर्क में रहने वाले लोग, कमजोर इम्यूनिटी वाले व्यक्ति या पुरानी बीमारी से ग्रस्त लोग ज्यादा सतर्क रहें. समय पर पहचान से इलाज आसान और सफल होता है.
लगातार खांसी, बुखार या वजन घटने पर डॉक्टर थूक का टेस्ट, छाती का एक्स-रे या अन्य जरूरी जांच सुझाते हैं. शुरुआती स्टेज में पता चलने पर दवाओं का छोटा कोर्स ही काफी होता है. स्वास्थ्य विभाग भी मुफ्त जांच और इलाज उपलब्ध कराता है. जागरूकता के साथ-साथ नियमित स्वास्थ्य जांच बचाव का अच्छा तरीका है.
आजकल टीबी का इलाज पूरी तरह संभव है. सही दवाएं और पूरा कोर्स पूरा करने से मरीज स्वस्थ हो जाता है. बीच में दवा छोड़ना या अनियमित इलाज से समस्या बढ़ सकती है. डॉक्टरों का मानना है कि जागरूकता और सही समय पर कार्रवाई से टीबी को नियंत्रित किया जा सकता है. परिवार और समाज को मिलकर इस बीमारी के खिलाफ लड़ना होगा.
टीबी फैलने से रोकने के लिए खांसी-छींक के समय मुंह ढकें, अच्छी हवा वाली जगह रहें और स्वस्थ आहार लें. टीबी मरीज के संपर्क में आने पर डॉक्टर से सलाह लें. विश्व टीबी दिवस हमें याद दिलाता है कि सावधानी और जागरूकता से हम टीबी मुक्त समाज बना सकते हैं. छोटी सी सतर्कता बड़ी मुसीबत टाल सकती है.
Disclaimer: यहां दी गई सभी जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. theindiadaily.com इन मान्यताओं और जानकारियों की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह ले लें.