नई दिल्ली: ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. हर दिन कोई न कोई एक ऐसा मामला जरूर मिल जाता है, जिसमें लोगों का पैसा चुराया जा रहा होता है या फिर किसी के साथ ऑनलाइन शॉपिंग में ठगी हो जाती है. ऑनलाइन शॉपिंग में स्कैम होना आज के समय में काफी आम हो चला है. कई बार जो ऑनलाइन ऑर्डर करते हैं, उसकी जगह साबुन या पत्थर भेज दिए जाते हैं. वहीं, कई बार फेक ऑनलाइन वेबसाइट के जरिए भी ठगी की जाती है.
कैसे फंस जाते हैं लोग: स्कैमर्स लोगों को ऐसा झांसा देते हैं, जिसे वो मना ही नहीं कर पाते. स्कैमर्स पैसे या पर्सनल डाटा चुराने के लिए नकली वेबसाइट, विज्ञापन या फिशिंग लिंक बनाते हैं. इस तरह की वेबसाइट पर प्रोडक्ट लिस्ट किए जाते हैं और हजारों रुपये की छूट दी जाती है, जिसे यूजर नजरअंदाज कर ही नहीं पाते हैं.
इस तरह के स्कैम से बचने के लिए केवल भरोसेमंद और जानी-मानी वेबसाइटों से ही खरीदारी करें. अगर आपको सोशल मीडिया पर कोई रैंडम विज्ञापन दिखे तो उस पर क्लिक करने से बचें.
यह सुनिश्चित करें कि वेबसाइट का URL सही हो, उसमें कोई भी स्पेलिंग मिस्टेक न हो और HTTPS के आगे लॉक का साइन हो.
अगर आप ऑनालाइन किसी अलग वेबसाइट से खरीदारी करते हैं तो खरीदारी के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करें, क्योंकि इनमें धोखाधड़ी से बेहतर सुरक्षा और पैसे वापस पाने के बेहतर विकल्प मिलते हैं.
कभी भी किसी के साथ OTP या यूपीआई पिन शेयर न करें.