menu-icon
India Daily

दिल्ली से वैष्णो देवी जाने का सबसे आसान तरीका! सिर्फ 8 घंटे में ऐसे पहुंचें कटरा, जानें ट्रैवल प्लान

शारदीय नवरात्रि में मां वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली से कटरा पहुंचने के कई सुगम माध्यम मौजूद हैं. लगभग 650 किलोमीटर की इस दूरी को पूरा करने के लिए रेल, हवाई और सड़क मार्ग उपलब्ध हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
दिल्ली से वैष्णो देवी जाने का सबसे आसान तरीका! सिर्फ 8 घंटे में ऐसे पहुंचें कटरा, जानें ट्रैवल प्लान
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए दिल्ली से करीब 650 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है. नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एडवांस बुकिंग कराना समझदारी है. दिल्ली से कटरा जाने के लिए तेज रफ्तार ट्रेनें, सीधी फ्लाइट्स और आरामदायक बस सेवाएं उपलब्ध हैं. यात्री अपनी समय सीमा और बजट के अनुसार सबसे मुफीद रास्ता चुनकर कटरा तक का सुगम सफर तय कर सकते हैं.

शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व बेहद करीब है और मां भगवती के भक्त त्रिकुटा पर्वत पर विराजमान वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उत्सुक हैं. 5,200 फीट की ऊंचाई पर बसे दरबार तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कटरा से 13 किलोमीटर की पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है.

पटरी पर आरामदायक और तेज सफर

दिल्ली से कटरा सीधे जाने के लिए भारतीय रेलवे सबसे पसंदीदा माध्यम है. वंदे भारत एक्सप्रेस महज सवा आठ घंटे में आपको श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पहुंचा देती है. इसके अलावा मालवा, स्वराज और जम्मू मेल जैसी कई सुपरफास्ट ट्रेनें भी उपलब्ध हैं. यदि आप राजधानी एक्सप्रेस चुनते हैं, तो वह आपको जम्मू उतारेगी, जहां से बस या टैक्सी द्वारा कटरा आसानी से पहुंचा जा सकता है.

हवाई उड़ान और बस का विकल्प

अगर आपके पास समय कम है तो हवाई यात्रा सबसे मुफीद रास्ता है. दिल्ली से जम्मू के लिए सीधी फ्लाइट्स केवल एक घंटे बीस मिनट का समय लेती हैं. जम्मू एयरपोर्ट से कटरा तक टैक्सी आसानी से मिल जाती है. वहीं, बजट यात्रा पसंद करने वाले भक्तों के लिए दिल्ली से कटरा के लिए सीधी लग्जरी बसें उपलब्ध हैं, जो लगभग 14 घंटे में सफर पूरा करती हैं.

रास्ते में लें संस्कृति का आनंद

अपनी धार्मिक यात्रा को यादगार बनाने के लिए आप इसे दो हिस्सों में भी बांट सकते हैं. दिल्ली से निकलकर आप रास्ते में लुधियाना रुक सकते हैं और वहां की समृद्ध संस्कृति तथा मशहूर खानपान का लुत्फ उठा सकते हैं. इसके बाद वहां से कटरा के लिए अगली ट्रेन पकड़ी जा सकती है. यह तरीका लंबी यात्रा की थकान दूर करने में काफी मददगार साबित होता है.

कश्मीर की वादियों से होकर रास्ता

एक अन्य विकल्प के तहत आप दिल्ली से पहले श्रीनगर के लिए फ्लाइट या ट्रेन ले सकते हैं. श्रीनगर में कुछ वक्त बिताने के बाद वहां से सड़क मार्ग से कटरा का रुख किया जा सकता है. यह विकल्प उन श्रद्धालुओं के लिए बेहतरीन है, जो माता के दर्शन के साथ-साथ धरती के स्वर्ग कहे जाने वाले कश्मीर की खूबसूरत वादियों का अहसास भी अपनी यात्रा में शामिल करना चाहते हैं.