नई दिल्ली: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नया अवसर आया है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सेक्शन कंट्रोलर के 119 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 14 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. इस भर्ती में 20 से 33 वर्ष आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष तथा अन्य पिछड़ा वर्ग को तीन वर्ष की छूट मिलेगी. यह पे लेवल-6 का पद है, जिसमें शुरुआती वेतन 35,400 रुपये निर्धारित किया गया है. इसके लिए एल-2 मेडिकल स्टैंडर्ड अनिवार्य रखा गया है.
रेलवे ने पिछले वर्ष भी सेक्शन कंट्रोलर के पदों पर भर्ती निकाली थी. उस समय कुल 368 रिक्तियां थीं, जबकि इस बार पदों की संख्या घटकर 119 रह गई है. इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी और पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा.
भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को एक चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), सीबैट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण से गुजरना होगा. सीबीटी के प्रदर्शन के आधार पर रिक्तियों के मुकाबले आठ गुना अभ्यर्थियों को सीबैट के लिए चुना जाएगा. अंतिम चयन निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद किया जाएगा.
इस भर्ती की लिखित परीक्षा में सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी से कोई प्रश्न नहीं पूछा जाएगा. सीबीटी में कुल 100 प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करने के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा. परीक्षा में 60 अंक के एनालिटिकल एवं मैथ्स, 20 अंक के लॉजिकल कैपेबिलिटी और 20 अंक के मेंटल रीजनिंग से प्रश्न शामिल होंगे.
इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी. इसके बाद जन्म प्रमाणपत्र सहित जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी. शुल्क जमा करने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट कर उसका प्रिंट सुरक्षित रखना होगा.
रेलवे में तकनीशियन ग्रेड-1 (सिग्नल) और तकनीशियन ग्रेड-3 के कुल 6557 पदों पर आवेदन प्रक्रिया भी जारी है. इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 29 जुलाई 2026 तय की गई है. आवेदन फॉर्म में संशोधन 1 अगस्त से 10 अगस्त के बीच किया जा सकेगा. इस भर्ती में भी पहले की तरह केवल एक कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी.