नई दिल्ली: बेहतर करियर और ऊंची कमाई की चाह में हर साल बड़ी संख्या में भारतीय विदेश का रुख करते हैं. दुनिया के कई देशों में भारतीय पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है. खासकर आईटी, इंजीनियरिंग, हेल्थकेयर, फाइनेंस और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में अच्छी योग्यता रखने वालों के लिए शानदार अवसर मौजूद हैं. अगर आप भी विदेश में नौकरी करने की योजना बना रहे हैं तो कुछ देश ऐसे हैं, जहां औसत वेतन भारत की तुलना में काफी अधिक है.
यहां मिलने वाला पैकेज लाखों रुपये सालाना तक पहुंच सकता है. हालांकि वास्तविक वेतन नौकरी, अनुभव, कंपनी और कौशल के आधार पर अलग-अलग हो सकता है. आइए जानते हैं ऐसे पांच देशों के बारे में.
पश्चिमी यूरोप में स्थित लक्जमबर्ग दुनिया के सबसे अधिक वेतन देने वाले देशों में गिना जाता है. फ्रांस, जर्मनी और बेल्जियम से घिरा यह छोटा देश अपने मजबूत वित्तीय क्षेत्र और बेहतर कार्य संस्कृति के लिए जाना जाता है. यहां कर्मचारियों का औसत सालाना वेतन करीब 48 लाख रुपये बताया जाता है, जिससे यह भारतीय पेशेवरों के लिए आकर्षक विकल्प बनता है.
स्विट्जरलैंड अपनी खूबसूरती के साथ-साथ मजबूत बैंकिंग सिस्टम और उच्च जीवन स्तर के लिए प्रसिद्ध है. यहां आईटी, फार्मा, फाइनेंस और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में रोजगार के अच्छे अवसर मिलते हैं. इस देश में कर्मचारियों का औसत सालाना वेतन लगभग 45 लाख रुपये के आसपास माना जाता है.
दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में शामिल डेनमार्क अपने संतुलित कार्य वातावरण और उच्च जीवन गुणवत्ता के लिए जाना जाता है. यहां व्यापार करना आसान माना जाता है और कर्मचारियों को कई सुविधाएं मिलती हैं. औसतन यहां सालाना वेतन करीब 41 लाख रुपये तक पहुंच सकता है.
नीदरलैंड अपनी आधुनिक परिवहन व्यवस्था, वैश्विक कारोबारी माहौल और कर्मचारी हितैषी नीतियों के लिए जाना जाता है. यहां औसत सालाना वेतन लगभग 40 लाख रुपये बताया जाता है. वहीं बेल्जियम में बहुभाषी कार्य वातावरण और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की मौजूदगी भारतीय पेशेवरों के लिए अवसर बढ़ाती है. यहां औसत वार्षिक वेतन करीब 38 लाख रुपये तक हो सकता है.
विदेश में नौकरी चुनते समय केवल वेतन ही नहीं, बल्कि रहने का खर्च, टैक्स, वीजा नियम, भाषा, कार्य संस्कृति और करियर ग्रोथ जैसे पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी है. सही तैयारी और जरूरी कौशल के साथ इन देशों में भारतीय पेशेवर बेहतर करियर बना सकते हैं और उच्च आय का लाभ उठा सकते हैं.