menu-icon
India Daily

रेलवे ग्रुप D अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर! परीक्षा तिथि बदली, एडमिट कार्ड और 2 ID को लेकर आया नया नियम

रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप D भर्ती 2025 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है. अब परीक्षा 3 अगस्त से 25 अगस्त तक आयोजित होगी.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
रेलवे ग्रुप D अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर! परीक्षा तिथि बदली, एडमिट कार्ड और 2 ID को लेकर आया नया नियम
Courtesy: Pinterest

Sarkari Naukri: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप D भर्ती 2025 की कंप्यूटर आधारित परीक्षा के कार्यक्रम में बदलाव किया है. पहले यह परीक्षा 3 अगस्त से 21 अगस्त तक प्रस्तावित थी, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब परीक्षा 3 अगस्त से 25 अगस्त तक आयोजित की जाएगी. यह भर्ती रेलवे के 22,195 पदों के लिए आयोजित की जा रही है. आरआरबी ने परीक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए हैं. उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर दो मूल पहचान पत्र साथ लाने होंगे. साथ ही परीक्षा शहर की सूचना, एडमिट कार्ड और आधार से जुड़े दिशा-निर्देश भी स्पष्ट किए गए हैं. अभ्यर्थियों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने की सलाह दी गई है.

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार इन तारीखों पर होगी परीक्षा

संशोधित शेड्यूल के अनुसार ग्रुप D सीबीटी परीक्षा 3 से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त, 17 से 21 अगस्त और 25 अगस्त को आयोजित की जाएगी. इस तरह परीक्षा कुल 16 दिनों में पूरी होगी. जिन उम्मीदवारों की परीक्षा निर्धारित है, उनके लिए परीक्षा शहर की जानकारी चरणबद्ध तरीके से जारी की जा रही है.

एडमिट कार्ड और एग्जाम सिटी कब मिलेगी?

आरआरबी के नियमों के अनुसार परीक्षा शहर, तिथि और एससी/एसटी अभ्यर्थियों के लिए ट्रैवल अथॉरिटी डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा तिथि से 10 दिन पहले उपलब्ध कराया जाएगा. वहीं ई-कॉल लेटर यानी एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन पहले जारी होगा. उदाहरण के तौर पर, 3 अगस्त को परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों का एडमिट कार्ड 31 जुलाई को जारी किया जाएगा.

परीक्षा केंद्र पर दो मूल पहचान पत्र जरूरी

रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर दो मूल पहचान पत्र लेकर पहुंचना होगा. इनमें से एक वही पहचान पत्र होना चाहिए, जिसका विवरण आवेदन पत्र में दिया गया था. इसके अलावा अभ्यर्थियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका आधार UIDAI सिस्टम में अनलॉक स्थिति में हो, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न आए.

ऐसे होगी चयन प्रक्रिया

ग्रुप D भर्ती में उम्मीदवारों का चयन एक चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा और उसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के आधार पर किया जाएगा. सीबीटी में सफल अभ्यर्थियों को पीईटी के लिए बुलाया जाएगा. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होगी.

सीबीटी पैटर्न और पासिंग नियम जान लें

सीबीटी परीक्षा 90 मिनट की होगी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे. जनरल साइंस और गणित से 25-25 प्रश्न, जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग से 30 तथा जनरल अवेयरनेस एवं करेंट अफेयर्स से 20 प्रश्न होंगे. प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे. सीबीटी में प्राप्त अंकों का नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा और कुल रिक्तियों के तीन गुना उम्मीदवारों को पीईटी के लिए बुलाया जाएगा.