menu-icon
India Daily

IAF Agniveer Vayu Result: एयरफोर्स अग्निवीर वायु भर्ती परीक्षा के रिजल्ट का ऐलान, स्टेज-1 एग्जाम के नतीजे ऐसे करें चेक

भारतीय वायुसेना ने अग्निवीर वायु इंटेक भर्ती की स्टेज-1 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर अपना रिजल्ट देख सकते हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
IAF Agniveer Vayu Result: एयरफोर्स अग्निवीर वायु भर्ती परीक्षा के रिजल्ट का ऐलान, स्टेज-1 एग्जाम के नतीजे ऐसे करें चेक
Courtesy: ANI

IAF Agniveer Vayu Result: एयरफोर्स में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. भारतीय वायुसेना ने अग्निवीर वायु इंटेक 01/2027 भर्ती परीक्षा का स्टेज-1 रिजल्ट जारी कर दिया है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर जाकर अपने परिणाम की जांच कर सकते हैं.

रिजल्ट जारी होने के साथ ही हजारों उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो गया है. अब सफल अभ्यर्थियों के सामने भर्ती प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण होगा. वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि आगे की चयन प्रक्रिया में शारीरिक परीक्षण और मेडिकल जांच भी शामिल होगी.

मार्च में हुई थी परीक्षा, अब आया परिणाम

अग्निवीर वायु इंटेक 01/2027 भर्ती की स्टेज-1 परीक्षा 30 और 31 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी. परीक्षा में शामिल उम्मीदवार लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे थे. अब परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थी अपनी ईमेल आईडी और पासवर्ड के माध्यम से उम्मीदवार डैशबोर्ड में लॉगिन कर स्टेटस देख सकते हैं. रिजल्ट केवल ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराया गया है.

भर्ती प्रक्रिया में मिला था अतिरिक्त मौका

इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 जनवरी 2026 से शुरू हुई थी. बाद में आयु सीमा में एक वर्ष की छूट देने के फैसले के बाद उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन का अवसर भी दिया गया. इसके तहत 3 मार्च से 10 मार्च 2026 तक आवेदन विंडो फिर से खोली गई थी. इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिला.

अब होगी शारीरिक क्षमता की परीक्षा

लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा. पुरुष अभ्यर्थियों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ 7 मिनट में पूरी करनी होगी, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित समय 8 मिनट रखा गया है. इसके अलावा निर्धारित संख्या में सिट-अप्स, पुश-अप्स और स्क्वैट्स भी पूरे करने होंगे. यह चरण उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता का आकलन करेगा.

ऐसे देख सकते हैं अपना रिजल्ट

उम्मीदवार सबसे पहले भारतीय वायुसेना की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद अग्निवीर वायु सेक्शन में जाकर उम्मीदवार लॉगिन विकल्प चुनें. यहां अपनी ईमेल आईडी और पासवर्ड दर्ज करें. लॉगिन के बाद रिजल्ट सेक्शन में जाकर स्टेज-1 परीक्षा का परिणाम देखा और डाउनलोड किया जा सकता है. भविष्य की जरूरतों के लिए परिणाम की कॉपी सुरक्षित रखना भी जरूरी है.