सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग और साइंस ग्रेजुएट्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है. भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय ने सीनियर फील्ड ऑफिसर (टेक्निकल) पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है, जिससे तकनीकी क्षेत्र के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार में करियर बनाने का अवसर मिलेगा.
इस भर्ती की खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों को ग्रुप ‘ए’ गजटेड अधिकारी का दर्जा दिया जाएगा. इसके साथ ही आकर्षक वेतन और अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी. आवेदन प्रक्रिया 13 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवारों को ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा.
यह भर्ती कंप्यूटर साइंस एवं आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन, डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गणित और सिविल इंजीनियरिंग से जुड़े उम्मीदवारों के लिए निकाली गई है. कुल 25 रिक्त पदों में सबसे अधिक 10-10 पद कंप्यूटर साइंस एवं आईटी तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास बीई, बीटेक या एमएससी जैसी संबंधित शैक्षणिक योग्यता होना आवश्यक है. इसके अलावा उम्मीदवार के पास संबंधित विषय का वैध GATE स्कोर भी होना चाहिए. केवल GATE 2024, 2025 और 2026 के स्कोर ही मान्य माने जाएंगे. अन्य वर्षों के स्कोर पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा.
भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष तय की गई है. आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी. चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी, जिसमें पहले GATE स्कोर का मूल्यांकन किया जाएगा और उसके बाद इंटरव्यू आयोजित होगा. अंतिम मेरिट दोनों चरणों के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाएगी.
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-10 वेतनमान के तहत नियुक्त किया जाएगा. विभिन्न भत्तों को जोड़ने के बाद मासिक वेतन लगभग 1.33 लाख रुपये तक पहुंच सकता है. कैबिनेट सचिवालय प्रत्येक रिक्ति के लिए 1:5 के अनुपात में उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट करेगा. इच्छुक अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि 12 जुलाई 2026 से पहले अपना आवेदन निर्धारित पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा.