menu-icon
India Daily

मौत के बाद भी पिता ने बेटी का सपना किया पूरा, कटआउट के साथ ली ग्रेजुएशन की डिग्री

एक महीने पहले सड़क हादसे में बेटी की मौत हो गई थी. उसके अधूरे सपने को सम्मान देने के लिए उनके पिता सेसर काहिलिग ने ग्रेजुएशन समारोह में बेटी के लाइफ साइज कार्डबोर्ड कटआउट के साथ स्टेज पर जाकर उसकी डिग्री हासिल की.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
मौत के बाद भी पिता ने बेटी का सपना किया पूरा, कटआउट के साथ ली ग्रेजुएशन की डिग्री
Courtesy: @fact.philes Instagram Account

नई दिल्ली: फिलीपींस में एक पिता की भावुक कहानी सोशल मीडिया पर लोगों की आंखों में आंसू ला रही है. बेटी की मौत के गहरे दुख के बावजूद पिता ने उसकी मेहनत और अधूरे सपने को पूरा करने की कोशिश की. यूनिवर्सिटी ऑफ एंटीक की छात्रा चेरिलिन काहिलिग ने बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी कर ली थी और जल्द ही अपनी ग्रेजुएशन सेरेमनी में डिग्री लेने वाली थीं लेकिन समारोह से करीब एक महीने पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई.

चेरिलिन का सपना था कि वह अपने माता पिता के सामने ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल करे. बेटी के अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. इसके बावजूद परिवार और यूनिवर्सिटी ने तय किया कि चेरिलिन की मेहनत को अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा और ग्रेजुएशन समारोह में उन्हें खास सम्मान दिया जाएगा.

क्यों किया गया ऐसा प्लान?

यूनिवर्सिटी के शिक्षकों और चेरिलिन के दोस्तों ने उनका एक लाइफ साइज कार्डबोर्ड कटआउट तैयार करवाया. इस कटआउट में चेरिलिन को ग्रेजुएशन कैप और गाउन पहने दिखाया गया था. इसका मकसद यह था कि चेरिलिन खुद समारोह में मौजूद न होकर भी अपने सबसे बड़े शैक्षणिक अचीवमेंट का हिस्सा बन सकें.

कैसा था वहां का माहौल?

ग्रेजुएशन समारोह के दौरान चेरिलिन के पिता सेसर काहिलिग अपनी बेटी के लाइफ साइज कटआउट को लेकर स्टेज पर पहुंचे. उन्होंने बेटी की ओर से उसकी डिग्री और डिप्लोमा हासिल किया. यह पल परिवार के लिए बेहद भावुक था. परिवार के अन्य सदस्य भी फूल और चेरिलिन की तस्वीर लेकर समारोह में मौजूद रहे.

देखें वीडियो

बेटी के कटआउट को सीने से लगाए पिता की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. तस्वीरों में पिता की आंखों का दर्द और बेटी के सपने को पूरा करने की भावना साफ नजर आती है. लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक डिग्री लेने का पल नहीं था, बल्कि एक पिता का अपनी बेटी के सपनों के प्रति आखिरी वादा निभाने जैसा था.

चेरिलिन अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी मेहनत और उनका ग्रेजुएशन डे परिवार और यूनिवर्सिटी ने हमेशा के लिए यादगार बना दिया. यह घटना बताती है कि किसी अपने को खोने का दर्द कितना गहरा हो सकता है और माता पिता अपने बच्चों के सपनों को लेकर कितनी भावनाएं अपने भीतर रखते हैं.