menu-icon
India Daily

Agniveer Rally 2026: कहीं एक डॉक्यूमेंट की कमी न तोड़ दे सेना में भर्ती का सपना, निकलने से पहले जरूर देखें पूरी लिस्ट

अग्निवीर भर्ती रैली 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए भारतीय सेना भर्ती महानिदेशालय ने जरूरी दस्तावेजों की सूची और महत्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी किए हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Agniveer Rally 2026: कहीं एक डॉक्यूमेंट की कमी न तोड़ दे सेना में भर्ती का सपना, निकलने से पहले जरूर देखें पूरी लिस्ट
Courtesy: Pinterest

Sarkari Naukri: भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए शारीरिक तैयारी जितनी जरूरी है, उतनी ही महत्वपूर्ण दस्तावेजों की तैयारी भी है. कई अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के दौरान केवल इसलिए परेशानी का सामना करना पड़ता है क्योंकि उनके जरूरी प्रमाण पत्र पूरे नहीं होते. इसे देखते हुए भारतीय सेना भर्ती महानिदेशालय ने आवश्यक दस्तावेजों की सूची और कुछ महत्वपूर्ण निर्देश साझा किए हैं. देशभर में अलग-अलग जोन के अनुसार अग्निवीर भर्ती रैलियां आयोजित की जा रही हैं. बड़ी संख्या में युवा सेना में शामिल होने के उद्देश्य से रैली में पहुंच रहे हैं. ऐसे में भर्ती प्रक्रिया को बिना किसी बाधा के पूरा करने के लिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें और निर्धारित समय से पहले रैली स्थल पर पहुंचें.

रैली में कौन कौन से दस्तावेज साथ ले जाना अनिवार्य है?

भारतीय सेना भर्ती महानिदेशालय की FAQ के अनुसार उम्मीदवारों को 10वीं की मूल मार्कशीट, बोर्ड प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, भर्ती रैली का एडमिट कार्ड, हालिया पासपोर्ट आकार की फोटो, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और यदि लागू हो तो ईडब्ल्यूएस तथा स्पोर्ट्स कोटा प्रमाण पत्र साथ लेकर जाना होगा. किसी आवश्यक दस्तावेज की कमी सत्यापन प्रक्रिया में परेशानी का कारण बन सकती है.

फोटोकॉपी को लेकर भी जारी हुए निर्देश

सेना ने स्पष्ट किया है कि सभी जरूरी दस्तावेजों की दो दो फोटोकॉपी साथ रखना आवश्यक है. प्रत्येक प्रति स्वप्रमाणित या किसी गजेटेड अधिकारी से प्रमाणित होनी चाहिए. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि सभी दस्तावेजों को एक फाइल में व्यवस्थित रखें ताकि सत्यापन के समय किसी प्रकार की जल्दबाजी या भ्रम की स्थिति पैदा न हो.

घर से निकलने से पहले इन बातों की जांच करें

रैली के लिए रवाना होने से पहले उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड, पहचान पत्र, मूल दस्तावेज और उनकी प्रमाणित प्रतियों की एक बार अच्छी तरह जांच कर लें. सभी प्रमाण पत्र सही स्थिति में हों और निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखें. समय से पहले रैली स्थल पहुंचने पर दस्तावेज सत्यापन और अन्य प्रक्रियाएं आसानी से पूरी हो सकती हैं.

सेना ने दलालों और फर्जी एजेंटों को लेकर दी चेतावनी

भारतीय सेना ने उम्मीदवारों को आगाह किया है कि भर्ती के नाम पर किसी भी दलाल या फर्जी एजेंट के झांसे में न आएं. नौकरी दिलाने या चयन सुनिश्चित कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है. सेना ने स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती है तथा किसी बाहरी व्यक्ति का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं होता.

सफलता के लिए किन बातों का रखें ध्यान?

विशेषज्ञों के अनुसार अग्निवीर भर्ती में सफलता के लिए शारीरिक फिटनेस, दस्तावेजों की पूरी तैयारी और आत्मविश्वास समान रूप से जरूरी हैं. उम्मीदवार यदि सभी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें, दस्तावेज पहले से व्यवस्थित रखें और समय पर रैली स्थल पहुंचें, तो भर्ती प्रक्रिया अधिक सुचारु तरीके से पूरी हो सकती है. सेना भी समय समय पर FAQ और आधिकारिक दिशानिर्देशों के माध्यम से जरूरी जानकारी उपलब्ध करा रही है.