menu-icon
India Daily

1.90 लाख महीने की नौकरी, 8वें वेतन आयोग ने निकाली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन

अगर आप 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के साथ जुड़कर काम करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर सामने आया है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
1.90 लाख महीने की नौकरी, 8वें वेतन आयोग ने निकाली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: अगर आप वित्त, मानव संसाधन, इंडस्ट्रियल रिलेशंस या कानूनी मामलों में अनुभव रखते हैं और केंद्र सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छा अवसर आया है. 8वें वेतन आयोग ने कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक उम्मीदवार 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. चयनित अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और महंगाई भत्ते से जुड़े विषयों पर काम करने का अवसर मिलेगा. नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष या आयोग के कार्यकाल तक, जो भी पहले पूरा हो, के लिए होगी. बेहतर प्रदर्शन की स्थिति में कार्यकाल बढ़ाया भी जा सकता है.

कुल 20 पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत कुल 20 पद भरे जाएंगे. इनमें 5 पद सीनियर कंसल्टेंट, 5 पद कंसल्टेंट और 10 पद यंग प्रोफेशनल के लिए निर्धारित किए गए हैं. प्रत्येक पद के लिए आयु सीमा और अनुभव की अलग-अलग शर्तें तय की गई हैं. सीनियर कंसल्टेंट के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष और 10 वर्ष का अनुभव, कंसल्टेंट के लिए 40 वर्ष और 6 वर्ष का अनुभव तथा यंग प्रोफेशनल के लिए 32 वर्ष और 4 वर्ष का अनुभव आवश्यक है.

इन उम्मीदवारों को मिलेगा आवेदन का मौका

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्स या इंडस्ट्रियल रिलेशंस में मास्टर डिग्री अथवा एमबीए होना चाहिए. इसके अलावा बार काउंसिल या बार एसोसिएशन में पंजीकृत एलएलबी डिग्रीधारक भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते उनके पास कोर्ट या ट्रिब्यूनल में सेवा मामलों और कानूनी शोध का अनुभव हो. एमएस एक्सेल, स्प्रेडशीट और प्रेजेंटेशन तैयार करने का व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी है.

पद के अनुसार मिलेगा आकर्षक वेतन

आयोग ने अलग-अलग पदों के लिए वेतनमान निर्धारित किया है. सीनियर कंसल्टेंट को फुल-टाइम नियुक्ति पर ₹1.80 लाख प्रति माह, कंसल्टेंट को ₹1.90 लाख प्रति माह और यंग प्रोफेशनल को ₹90 हजार प्रति माह तक वेतन मिलेगा. पार्ट-टाइम विकल्प भी उपलब्ध हैं, जिनमें 12 दिन और 6 दिन प्रति माह के आधार पर अलग-अलग भुगतान किया जाएगा.

ऑनलाइन आवेदन ही होगा स्वीकार

उम्मीदवारों को केवल 8वें वेतन आयोग के आधिकारिक डैशबोर्ड के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा. डाक, ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. निर्धारित समय के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं होगा.

ऐसे होगी चयन और जॉइनिंग प्रक्रिया

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र उम्मीदवारों का चयन आयोग की प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा. चयनित अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से नियुक्ति का प्रस्ताव भेजा जाएगा. इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने पर उन्हें आयोग के कार्यों में शामिल किया जाएगा. यह अवसर उन पेशेवरों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो नीति निर्माण और वेतन संबंधी विषयों पर कार्य करना चाहते हैं.