menu-icon
India Daily

तुर्की के प्रेसिडेंट दे रहे थे भाषण और रील्स देखने में व्यस्त थे सीरिया के राष्ट्रपति! UNGA का वीडियो वायरल

संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के दौरान सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शारा का एक अनौपचारिक वीडियो चर्चा में है. रिपोर्ट के मुताबिक, जब तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन मंच से भाषण दे रहे थे, उसी दौरान अल-शारा अपने स्मार्टफोन पर इंस्टाग्राम रील्स देखते और भेजते नजर आए.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
तुर्की के प्रेसिडेंट दे रहे थे भाषण और रील्स देखने में व्यस्त थे सीरिया के राष्ट्रपति! UNGA का वीडियो वायरल
Courtesy: X SG (@diyarkurda)

संयुक्त राष्ट्र महासभा यानी UNGA की उच्च स्तरीय बैठक में दुनिया भर के नेता महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रख रहे थे. इसी दौरान सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शारा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.

कुर्दिस्तान 24 की रिपोर्ट के मुताबिक, सामने आए वीडियो में अल-शारा अपने स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वह इंस्टाग्राम पर रील्स देख रहे थे और उन्हें दूसरे लोगों को भेज भी रहे थे. उस समय तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन मंच से अपना संबोधन दे रहे थे.

दूसरी बार UNGA में पहुंचे अल-शारा

अहमद अल-शारा के लिए यह संयुक्त राष्ट्र महासभा में दूसरी उपस्थिति है. इससे पहले 2025 में उन्होंने UNGA को संबोधित किया था. वह करीब छह दशक बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा में दुनिया के नेताओं को संबोधित करने वाले सीरिया के पहले प्रतिनिधि बने थे. अल-शारा जनवरी 2025 में सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति बने थे. इससे पहले उन्होंने उस विद्रोही अभियान का नेतृत्व किया था, जिसके बाद लंबे समय से सत्ता में रहे राष्ट्रपति बशर अल-असद को पद छोड़ना पड़ा था.

संयुक्त राष्ट्र महासभा के इस सालाना सत्र में दुनिया के करीब 130 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों ने उच्च स्तरीय बहस में हिस्सा लिया. इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई प्रमुख नेता शामिल रहे. उच्च स्तरीय आम बहस UNGA के सालाना सत्र का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है. इसमें विभिन्न देशों के नेता वैश्विक राजनीति, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार रखते हैं.

गुटेरेस ने की सत्र की शुरुआत

UNGA के मौजूदा सत्र की शुरुआत 8 सितंबर को हुई थी. इस दौरान बांग्लादेश के खलीलुर रहमान ने महासभा के अध्यक्ष का पद संभाला. उच्च स्तरीय बहस की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के संबोधन से हुई. इसके बाद UNGA अध्यक्ष खलीलुर रहमान ने औपचारिक रूप से आम बहस की शुरुआत कराई. इसी दौरान अल-शारा का फोन इस्तेमाल करते हुए सामने आया वीडियो चर्चा में आ गया.