अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तुर्की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बेहद गोपनीय अभियान चलाया गया था. द वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अंकारा से ब्रिटेन रवाना होने से पहले ट्रंप को पुराने बोइंग 747-8 एयर फोर्स वन से निकालकर छोटे C-32A विमान में पहुंचाया गया.
रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि ट्रंप को एक कैटरिंग कंटेनर के जरिए बड़े विमान से छोटे विमान तक पहुंचाया गया. इस पूरी प्रक्रिया को इतना गुप्त रखा गया कि पत्रकारों और कुछ अधिकारियों को भी यही बताया गया कि राष्ट्रपति बड़े विमान से ही यात्रा करेंगे.
अंकारा से रवाना होने के दौरान पुराने एयर फोर्स वन में मौजूद पत्रकारों को विमान की खिड़कियों के पर्दे बंद रखने के निर्देश दिए गए थे. इसके बाद एक कैटरिंग वाहन को विमान के पास लाया गया और इसी के जरिए ट्रंप को दूसरे विमान तक पहुंचाने की बात सामने आई है. द वाशिंगटन पोस्ट की ओर से जारी वीडियो में भी पुराने बोइंग विमान से एक कैटरिंग ट्रक को नीचे उतारते हुए देखा गया. इसके बाद यही वाहन छोटे C-32A विमान के पास जाता दिखाई दिया.
🚨🇺🇸🇮🇷 NEW REPORT: Trump was moved off Air Force One inside an airport CATERING TRUCK in Turkey after intelligence flagged an Iranian threat to kill him...
— Mario Nawfal (@MarioNawfal) August 10, 2026
-The Washington Post reports a credible Iranian assassination threat triggered what a U.S. official called a "deception… pic.twitter.com/pRnGvaw2vT
ट्रंप तुर्की में नाटो शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे. यात्रा के दौरान उन्होंने पुराने बोइंग 747 के इस्तेमाल की बात कही थी. हालांकि, बाद में अमेरिकी मीडिया में दावा किया गया कि ईरानी प्रॉक्सी ताकतों से संभावित खतरे को देखते हुए विमान बदलने का फैसला लिया गया. ब्रिटेन पहुंचने के बाद ट्रंप को बड़े विमान से बाहर निकलते देखा गया. इसके बाद वह कतर की ओर से अमेरिका को दिए गए नए बोइंग 747-8 में सवार हुए. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वह C-32A से वापस बड़े विमान तक कब और किस तरीके से पहुंचे.
इस घटना के बाद कतर द्वारा दिए गए नए बोइंग 747-8 की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. खास तौर पर यह जांच का विषय बना हुआ है कि इसमें पुराने एयर फोर्स वन में मौजूद एंटी-मिसाइल जैसी रक्षा प्रणालियां किस स्तर तक शामिल हैं. व्हाइट हाउस ने हालांकि विमान की सुरक्षा का बचाव करते हुए इसे अत्याधुनिक बताया है. अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी और उपलब्ध सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं.