मानसून के असर के चलते देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने 13 सितंबर को कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के चलते पूर्वी भारत के कई इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 सितंबर को बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. यहां हवा की गति 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ आंधी का असर देखने को मिल सकता है.
बिहार के कई जिलों में चेतावनी जारी की गई है. सिवान, सारण, गोपालगंज, पटना, गया, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और किशनगंज समेत कई क्षेत्रों में बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है.
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, गुरदासपुर, होशियारपुर, बठिंडा और फरीदकोट में भी मौसम खराब रह सकता है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर और अलवर समेत कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है. इसके साथ ही तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिल सकता है.
उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली और टिहरी गढ़वाल में बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, मंडी, चंबा, कांगड़ा, सोलन और बिलासपुर में भी मौसम बिगड़ सकता है. जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. ओडिशा में पुरी, भुवनेश्वर, बालासोर, मयूरभंज और जाजपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. यहां हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.