menu-icon
India Daily

पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तान में ढेर, अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली - सूत्र

पुलवामा हमले के पीछे का मास्टरमाइंड आतंकवादी हमजा बुरहान, पाकिस्तान में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारकर मार दिया गया है. सूत्रों के अनुसार, इस हमले में लगी चोटों के कारण आतंकवादी की मौत हो गई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तान में ढेर, अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली - सूत्र
Courtesy: @MohitBhatt90 x account

नई दिल्ली: पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद से बड़ी खबर सामने आई है. पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड आतंकवादी हमजा बुरहान की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर है. सूत्रों के मुताबिक हमले में उसकी मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान को उस समय निशाना बनाया गया जब वह मुजफ्फराबाद स्थित अपने ऑफिस में मौजूद था. उस पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर दी. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं.

ये चर्चा में कब आया?

हमजा बुरहान का नाम 14 फरवरी 2019 को हुए चर्चित पुलवामा हमला के साजिशकर्ताओं में लिया जाता रहा है. इस हमले में CRPF के 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे. आतंकियों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी से सुरक्षाबलों के काफिले को निशाना बनाया था, जिससे पूरे देश में आक्रोश फैल गया था.

सूत्रों के अनुसार हमजा बुरहान पाकिस्तान में खुद को शिक्षक बताता था, लेकिन वह लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था. बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ था और आतंकियों को ट्रेनिंग देने के साथ सीमा पार घुसपैठ में भी मदद करता था.

रिपोर्ट्स में क्या किया गया दावा?

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पुलवामा हमले के बाद भी वह कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा. लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं. हालांकि, उसकी हत्या किसने की और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसे लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है. लोग इसे पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों के संदर्भ में बड़ी खबर मान रहे हैं. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों या पाकिस्तान की ओर से इस मामले पर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है.