नई दिल्ली: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उत्तराधिकारी और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार को लेकर अंदरूनी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. हाल के दिनों में व्हाइट हाउस का प्रेस ब्रीफिंग रूम इस आने वाली चुनावी जंग के लिए एक अनौपचारिक ऑडिशन मंच में बदल गया है. विदेश मंत्री मार्को रूबियो के मंच पर आने के दो हफ्ते बाद, अब उपराष्ट्रपति JD वेंस भी मीडिया का सामना करने के लिए आगे आए हैं.
व्हाइट हाउस की नियमित प्रेस सेक्रेटरी, कैरोलीन लेविट के मैटरनिटी लीव पर होने के कारण इन दोनों प्रमुख नेताओं को एक के बाद एक प्रेस ब्रीफिंग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई. एक ऐसा कदम जिसे विशेषज्ञ 2028 के चुनाव में उनकी संभावित दावेदारी के संदर्भ में उनकी ताकत के प्रदर्शन के तौर पर देख रहे हैं.
मंगलवार को उपराष्ट्रपति JD वेंस ने लगभग एक घंटे तक पत्रकारों के तीखे और चुनौतीपूर्ण सवालों के जवाब दिए. जब पत्रकार एक-दूसरे पर चिल्ला रहे थे और सवाल पूछने की होड़ में थे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, मार्को रूबियो बिल्कुल सही थे, यह जगह सचमुच अराजकता से कम नहीं है.'
वेंस ने पत्रकारों के बैठने की व्यवस्था को लेकर हल्के-फुल्के मजाक भी किए. हालांकि नीति से जुड़े सवालों के जवाब देते समय उनका लहजा काफी नपा-तुला और शांत था. इससे राष्ट्रपति ट्रंप के सीधे और आक्रामक अंदाज से बिल्कुल अलग एक छाप बनी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान JD वेंस ने ट्रंप प्रशासन की नीतियों का जोरदार बचाव किया. वेंस ने प्रशासन के फ़ैसलों का बचाव किया और विशेष रूप से ईरान के ख़िलाफ़ उठाए गए कदमों को सही ठहराया. इसी बीच उन्होंने उस नए 1.7 अरब डॉलर के फ़ंड को भी सही ठहराया, जिसे ट्रंप के उन सहयोगियों को मुआवज़ा देने के लिए बनाया गया है, जो दावा करते हैं कि वे राजनीतिक उत्पीड़न के शिकार हुए हैं.
ब्रीफिंग के दौरान जब एक पत्रकार ने वेंस को भविष्य का संभावित उम्मीदवार कहकर संबोधित किया, तो वेंस ने तुरंत स्थिति साफ करते हुए कहा, 'मैं भविष्य का संभावित उम्मीदवार नहीं हूं. मैं अभी देश का उपराष्ट्रपति हूं. मुझे अपना काम बेहद पसंद है और मैं अपनी पूरी क्षमता से इस जिम्मेदारी को निभाने की कोशिश कर रहा हूं.'
हालांकि जे.डी. वेंस और मार्को रूबियो दोनों ही 2028 के लिए अपनी राष्ट्रपति बनने की महत्वाकांक्षाओं को सार्वजनिक तौर पर कम करके दिखा रहे हैं, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप खुद इस दौड़ को हवा देने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं. पिछले हफ्ते वाइट हाउस के रोज गार्डन में आयोजित एक डिनर के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने मेहमानों का मूड भांपते हुए पूछा, 'जे.डी. वेंस किसे पसंद हैं? और मार्को रूबियो किसे पसंद हैं?' मेहमानों ने दोनों नामों पर लगभग एक जैसे उत्साह के साथ तालियां बजाईं.
बुधवार को जब पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि प्रेस ब्रीफिंग के दौरान दोनों में से किसने जे.डी. वेंस या मार्को रूबियो बेहतर प्रदर्शन किया, तो ट्रंप ने दोनों की तारीफ करते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि दोनों ने ही शानदार काम किया. मैंने TV पर दोनों को देखा. वे दोनों ही बेहद काबिल इंसान हैं.'