menu-icon
India Daily

100 साल पुराने गुरुद्वारे का होगा कायाकल्प, PM मोदी ने रखी आधारशिला; आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पांच मंजिला भवन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में 100 साल से अधिक पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेका और अरदास में हिस्सा लिया. उन्होंने गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला भी रखी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
100 साल पुराने गुरुद्वारे का होगा कायाकल्प, PM मोदी ने रखी आधारशिला; आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पांच मंजिला भवन
Courtesy: @ayu_agarwal94 X Account

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेका और अरदास में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला भी रखी. एक सदी से अधिक पुराने इस गुरुद्वारे को आधुनिक पांच मंजिला परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा. यह स्थान फिलीपींस में रहने वाले सिख समुदाय के लिए धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मनीला स्थित गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचे. यहां उन्होंने सिख परंपराओं के अनुसार मत्था टेका और आयोजित अरदास में हिस्सा लिया. पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें मनीला के इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे में आने का अवसर मिला.

1920 के दशक में हुई थी गुरुद्वारे की स्थापना

गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा माना जाता है. इसकी स्थापना 1920 के दशक में हुई थी. पिछले करीब 100 वर्षों से यह मनीला में रहने वाले सिख और पंजाबी समुदाय की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है. यहां समुदाय के लोग धार्मिक आयोजनों के साथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी हिस्सा लेते हैं.

अब इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे को नए स्वरूप में विकसित करने की तैयारी है. इसके तहत परिसर को आधुनिक पांच मंजिला कॉम्प्लेक्स के रूप में तैयार किया जाएगा. नए भवन में श्रद्धालुओं और स्थानीय समुदाय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त जगह और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. प्रधानमंत्री ने इस परियोजना की आधारशिला रखकर पुनर्विकास कार्य की औपचारिक शुरुआत की.

पीएम मोदी ने सिख समुदाय के योगदान को सराहा

फिलीपींस पहुंचने से पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने इस कार्यक्रम को लेकर अपनी खुशी जाहिर की थी. उन्होंने कहा था कि 17 नवंबर उनके लिए विशेष दिन होगा, क्योंकि उन्हें एक सदी से अधिक पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास कार्य की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने का मौका मिलेगा.

प्रधानमंत्री ने सिख समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि सिखों ने गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर दुनियाभर में मानवता और सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है. गुरुद्वारे में उनकी मौजूदगी को फिलीपींस में बसे भारतीय और सिख समुदाय के साथ संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय यात्रा पर फिलीपींस पहुंचे थे. इस दौरान वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. उनकी इस यात्रा का उद्देश्य भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है.

इस सम्मेलन के दौरान क्वाड देशों के नेताओं की प्रस्तावित बैठक पर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नजर रहेगी. करीब दो साल बाद भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता एक बार फिर शीर्ष स्तर पर एक साथ बैठक कर सकते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संभावित मुलाकात भी इस दौरे का अहम पहलू मानी जा रही है.