menu-icon
India Daily

दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की सूची जारी, पाकिस्तान के ये दो मुसलमान बने नंबर-1

दुनिया के 500 प्रभावशाली मुस्लिमों की 2027 सूची में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के पांच नेताओं को संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला है. गाजा के डॉक्टर को मैन ऑफ द ईयर चुना गया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की सूची जारी, पाकिस्तान के ये दो मुसलमान बने नंबर-1
Courtesy: X

दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुस्लिमों की नई सूची जारी हो गई है. जॉर्डन की राजधानी अम्मान स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) ने अपनी रिपोर्ट 'द मुस्लिम 500: द वर्ल्ड्स 500 मोस्ट इन्फ्लुएंशियल मुस्लिम्स' का 18वां संस्करण प्रकाशित किया है. 2027 की इस सूची में पहली बार पांच लोगों को संयुक्त रूप से नंबर-1 स्थान दिया गया है.

इनमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर, सऊदी अरब के किंग सलमान और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान तथा तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन शामिल हैं. इस बार दूसरा और तीसरा स्थान नहीं दिया गया है.

मक्का संयुक्त रक्षा समझौता बना बड़ी वजह

रिपोर्ट के मुताबिक, पांचों नेताओं को संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान देने की प्रमुख वजह पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हुआ मक्का संयुक्त रक्षा समझौता है. इस समझौते पर 7 अगस्त 2026 को हस्ताक्षर किए गए थे और रियाद में आपात शिखर बैठक के दौरान इसे सक्रिय किया गया. समझौते का मूल सिद्धांत है कि तीनों देशों में से किसी एक पर सशस्त्र हमला बाकी सदस्य देशों पर हमला माना जाएगा. रिपोर्ट में इस साझेदारी को मुस्लिम देशों के बीच सामूहिक सुरक्षा की दिशा में बड़ा बदलाव बताया गया है.

इस गठबंधन में सऊदी अरब की आर्थिक ताकत, तुर्की की तकनीक और विनिर्माण क्षमता तथा पाकिस्तान की सैन्य शक्ति को अहम माना गया है. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस समझौते को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया गया है.

सूची में चौथे से दसवें स्थान तक कौन?

संयुक्त रूप से पहले स्थान के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई को चौथा स्थान मिला है. कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी पांचवें और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय छठे स्थान पर हैं. संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद सातवें, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम आठवें, मोरक्को के किंग मोहम्मद छठे नौवें और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो दसवें स्थान पर हैं.

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी को 13वां, फुटबॉलर मोहम्मद सालाह को 39वां, फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास को 45वां और न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी को 49वां स्थान मिला है. पाकिस्तान के धार्मिक विद्वान मुफ्ती मुहम्मद तकी उस्मानी और मौलाना तारिक जमील भी प्रमुख नामों में शामिल हैं.

गाजा के डॉक्टर बने मैन ऑफ द ईयर

इस बार फिलिस्तीन के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हुसाम अबू सफिया को 'मैन ऑफ द ईयर 2027' चुना गया है. वह उत्तरी गाजा के कमाल अदवान अस्पताल के पूर्व निदेशक हैं. रिपोर्ट में युद्ध के दौरान मरीजों को न छोड़ने और कठिन हालात में चिकित्सा सेवाएं जारी रखने के उनके प्रयासों की सराहना की गई है. उन्हें इजरायली हिरासत में 600 से अधिक दिन बिताने का भी उल्लेख किया गया है.

ईरान की छात्रा को मिला वुमन ऑफ द ईयर का सम्मान

ईरान के मिनाब में फरवरी 2026 में हुए शजारेह तैयबेह स्कूल हमले में बची छात्रा फातेमेह जहरा शेखाबादी को 'वुमन ऑफ द ईयर 2027' चुना गया है. उन्होंने जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के सामने मिनाब के बच्चों की पीड़ा और उनकी आवाज को दुनिया के सामने रखा था.

कैसे तैयार होती है यह सूची?

'द मुस्लिम 500' रिपोर्ट वर्ष 2009 से हर साल प्रकाशित की जा रही है. इसमें राजनीति, धर्म, शिक्षा, अर्थव्यवस्था, संस्कृति, विज्ञान और सामाजिक क्षेत्रों में मुस्लिम समुदायों पर प्रभाव डालने वाले लोगों को शामिल किया जाता है. इसके शीर्ष 50 लोगों को रैंकिंग दी जाती है, जबकि बाकी 450 नाम अलग-अलग क्षेत्रों की श्रेणियों में रखे जाते हैं.