menu-icon
India Daily

ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की एक साथ होगी मुलाकात! 19 नवंबर को चीन में बनेगी दुनिया की नई रणनीति?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर 2026 को चीन के शेन्जेन शहर में मुलाकात करेंगे.

Shilpa Shrivastava
ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की एक साथ होगी मुलाकात! 19 नवंबर को चीन में बनेगी दुनिया की नई रणनीति?
Courtesy: X

नई दिल्ली: दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्ष एक साथ बैठक करने जा रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर 2026 को चीन के शेन्जेन शहर में मुलाकात करेंगे. इस संभावित त्रिपक्षीय बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं. माना जा रहा है कि इसमें कई बड़े अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हो सकती है.

चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान होगी. चीन 18 और 19 नवंबर को 33वें APEC आर्थिक नेताओं के सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है. इसमें 21 सदस्य देशों के नेता हिस्सा लेंगे.

क्यों खास है चीन का शेन्जेन शहर?

शेन्जेन दक्षिणी चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में स्थित है और हांगकांग की सीमा से सटा हुआ है. साल 1980 में इसे चीन का पहला विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) बनाया गया था. आज यह शहर टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग के बड़े केंद्र के रूप में जाना जाता है.

ईरान संकट से लेकर AI तक पर हो सकती है चर्चा:

तीनों नेताओं की बैठक में वैश्विक संघर्ष, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और परमाणु हथियारों में कटौती जैसे अहम मुद्दे उठ सकते हैं. इसके अलावा ईरान संकट पर भी चर्चा होने की संभावना है. चीन के ईरान के साथ मजबूत व्यापारिक संबंध हैं और वह ईरानी कच्चे तेल का सबसे बड़ा खरीदार है. ऐसे में ईरान से जुड़े तनाव का असर चीन के आर्थिक हितों पर भी पड़ सकता है.

ट्रंप और पुतिन की अलग से बैठक नहीं:

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस त्रिपक्षीय बातचीत में यूक्रेन युद्ध शामिल नहीं होगा. वॉशिंगटन इस मुद्दे पर रूस के साथ अलग बातचीत की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है. व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रंप और पुतिन के बीच इस यात्रा के दौरान अलग से द्विपक्षीय बैठक तय नहीं है. वहीं, ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच अलग द्विपक्षीय वार्ता होगी.

ट्रंप बुधवार देर रात शेन्जेन पहुंचेंगे और गुरुवार, 19 नवंबर को शी जिनपिंग के साथ बातचीत करेंगे. अब देखना होगा कि दुनिया की इन तीन बड़ी शक्तियों की मुलाकात से अंतरराष्ट्रीय राजनीति और कूटनीति को लेकर क्या नए संकेत सामने आते हैं.