menu-icon
India Daily

'शायद जेल से जिंदा न लौटूं...', इमरान खान ने पाकिस्तानी जजों को लिखी चिट्ठी; लगाई मदद की गुहार

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अदियाला जेल से देश की शीर्ष अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखकर अपने और पत्नी बुशरा बीबी के इलाज की मांग की है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'शायद जेल से जिंदा न लौटूं...', इमरान खान ने पाकिस्तानी जजों को लिखी चिट्ठी; लगाई मदद की गुहार
Courtesy: Pinterest

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी सेहत को लेकर गंभीर चिंता जताई है. अदियाला जेल में बंद इमरान ने देश की शीर्ष अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों को खुला पत्र लिखकर अपने और पत्नी बुशरा बीबी के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता मांगी है. उन्होंने दावा किया है कि जेल में एकांत कारावास के कारण उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है. इमरान ने आशंका जताई कि मौजूदा हालात में शायद वह जेल से जिंदा वापस न लौट पाएं.

इमरान खान ने सोमवार, 16 नवंबर को पाकिस्तान की फेडरल कॉन्स्टीट्यूशनल कोर्ट (FCC), सुप्रीम कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को यह पत्र लिखा. उनके वकील बैरिस्टर सलमान सफदर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पत्र साझा किया. सफदर के मुताबिक, 11 नवंबर को अदियाला जेल में इमरान से मुलाकात के दौरान उन्हें यह पत्र न्यायाधीशों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया था. इमरान ने कहा कि अब जेल की दीवारों से बाहर अपनी आवाज पहुंचाने का उनके पास यही रास्ता बचा है.

22 घंटे तक एकांत कारावास में रखने का आरोप

इमरान खान ने पत्र में आरोप लगाया कि उन्हें रोजाना करीब 22 घंटे तक एकांत कारावास में रखा जा रहा है. इस दौरान उन्हें परिवार, वकीलों और विदेश में रह रहे अपने बेटों से संपर्क करने की अनुमति नहीं दी जा रही है. इतना ही नहीं, उन्हें किताबों और टेलीविजन जैसी सुविधाओं से भी दूर रखा गया है. इमरान का कहना है कि लंबे समय तक अकेले रहने के कारण उनकी मानसिक सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है.

उन्होंने बताया कि जेल के मेडिकल बोर्ड ने भी उनकी बेचैनी और चिंता को दर्ज किया था. बोर्ड ने परिवार के सदस्यों से अधिक संपर्क रखने की सलाह दी थी, लेकिन उनके मुताबिक इस सुझाव पर कोई कार्रवाई नहीं की गई.

ब्लड प्रेशर 193 तक पहुंचने का दावा

इमरान खान ने अपनी चिट्ठी में ब्लड प्रेशर को लेकर भी चिंता जताई है. उन्होंने दावा किया कि उनका रक्तचाप लगातार बढ़ रहा है. पहले यह 130, फिर 150 और 170 तक पहुंचा, जबकि पिछले सप्ताह 192 और 10 नवंबर को 193 दर्ज किया गया. इमरान के मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का खतरा बताया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके दिल को पहले ही नुकसान पहुंच चुका है.

74 साल की उम्र में लगातार बिगड़ती सेहत का जिक्र करते हुए इमरान ने कहा कि उन्हें डर है कि कहीं ऐसा न हो कि वह जेल से जिंदा वापस ही न लौट पाएं. उन्होंने अपनी चिट्ठी में यह भी याद दिलाया कि उन्होंने अपना जीवन अस्पताल बनाने में लगाया, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त इलाज मिल सके. आज वह खुद अपने और अपनी पत्नी के लिए इलाज की मांग कर रहे हैं.

बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी पर जताई चिंता

इमरान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने बताया कि अप्रैल में बुशरा की आंखों में परेशानी हुई थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी कराई गई थी. इमरान का दावा है कि हाल ही में पत्नी से मुलाकात के दौरान वह रोशनी बर्दाश्त नहीं कर पा रही थीं और अपनी आंखें भी ठीक से नहीं खोल पा रही थीं.

उन्होंने आशंका जताई कि अगर बुशरा की दोबारा सर्जरी नहीं हुई तो उनकी आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है. इमरान ने अदालतों से अपनी पत्नी को भी जल्द से जल्द उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की है.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने का आरोप

इमरान खान ने पत्र में सुप्रीम कोर्ट के 18 अगस्त के आदेश का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, अदालत ने उन्हें दो दिनों के भीतर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने और विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच कराने का निर्देश दिया था. हालांकि, इमरान का आरोप है कि अब तक इस आदेश पर अमल नहीं किया गया है.

उन्होंने न्यायाधीशों से कहा कि वह किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि अदालत के पहले दिए गए आदेशों का पालन और अपने व परिवार के लिए उचित इलाज चाहते हैं. उन्होंने अपील की कि बहुत देर होने से पहले उन्हें न्याय और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए.