menu-icon
India Daily

पाकिस्तानी सेना को तगड़ा झटका, पूर्व कैप्टन बना BLA का नया कमांडर-इन-चीफ

पाकिस्तान की सेना में कैप्टन रह चुका रहमान गुल उर्फ मुरीद अब प्रतिबंधित BLA का नया कमांडर-इन-चीफ बन गया है. उसने 2010 में पाकिस्तानी सेना छोड़कर विद्रोह किया था.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
पाकिस्तानी सेना को तगड़ा झटका, पूर्व कैप्टन बना BLA का नया कमांडर-इन-चीफ
Courtesy: X

पाकिस्तान की सेना में कैप्टन रह चुका रहमान गुल उर्फ मुरीद अब प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) का नया कमांडर-इन-चीफ बन गया है. इससे पहले वह संगठन की सबसे खतरनाक मानी जाने वाली इकाई 'मजीद ब्रिगेड' का नेतृत्व कर रहा था. संगठन के मुताबिक, वरिष्ठ कमांड परिषद और क्षेत्रीय कमांडरों की सहमति से उसे यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. पाकिस्तानी सेना में काम कर चुका व्यक्ति अब उसके खिलाफ सक्रिय विद्रोही संगठन का शीर्ष कमांडर बन गया है, जिसे सुरक्षा के लिहाज से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है.

वरिष्ठ कमांड परिषद ने सर्वसम्मति से लिया फैसला

BLA की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वरिष्ठ कमांड परिषद ने विचार-विमर्श के बाद रहमान गुल को नया प्रमुख बनाने का फैसला किया. संगठन ने दावा किया कि उसके सभी वरिष्ठ नेताओं और क्षेत्रीय कमांडरों ने इस नियुक्ति का समर्थन किया है. रहमान गुल इससे पहले भी परिषद का अहम सदस्य था और संगठन के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुका है.

बशीर जेब बलूच की जगह संभालेगा जिम्मेदारी

यह नियुक्ति संगठन में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद की गई है. 3 नवंबर को BLA ने घोषणा की थी कि बशीर जेब बलूच अब कमांडर-इन-चीफ के पद पर नहीं रहेंगे. इसके बाद संगठन के सैन्य और नीतिगत फैसलों की जिम्मेदारी वरिष्ठ कमांड परिषद को सौंप दी गई थी.

दिसंबर 2018 में अफगानिस्तान में आत्मघाती हमले में असलम बलूच की मौत के बाद बशीर जेब ने संगठन की कमान संभाली थी. उनके कार्यकाल में BLA ने कई बड़े हमलों को अंजाम दिया. इनमें 2018 में कराची स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास, 2019 में ग्वादर के पर्ल कॉन्टिनेंटल होटल और 2020 में कराची स्टॉक एक्सचेंज पर हमला शामिल है. मार्च 2025 में जाफर एक्सप्रेस का अपहरण भी इसी दौर की बड़ी घटना थी.

कौन है रहमान गुल उर्फ मुरीद?

अमेरिकी थिंक टैंक जेम्सटाउन फाउंडेशन की 13 अगस्त 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, रहमान गुल BLA के सबसे प्रभावशाली कमांडरों में से एक रहा है. रिपोर्ट में उसे संगठन का दूसरा सबसे ताकतवर कमांडर बताया गया था.

रिपोर्ट के मुताबिक, उसका जन्म 14 अगस्त 1984 को बलूचिस्तान के नौशकी में हुआ था. वह प्रभावशाली मेंगल समुदाय से ताल्लुक रखता है. उसके पिता का नाम मीर अफजल खान मेंगल बताया गया है.

BLA बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग कर स्वतंत्र देश बनाने की मांग करता है. संगठन पाकिस्तान सरकार पर क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करने और स्थानीय लोगों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाता है. हालांकि, पाकिस्तान और अमेरिका दोनों ने BLA को आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है.

आठ साल तक पाकिस्तानी सेना में रहा रहमान गुल

जेम्सटाउन फाउंडेशन की रिपोर्ट के अनुसार, रहमान गुल ने शुरुआती पढ़ाई नौशकी के गवर्नमेंट बॉयज मॉडल हाई स्कूल से की. इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए क्वेटा गया और पेशावर विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की.

उसने 2002 में पाकिस्तानी सेना में भर्ती होकर काकुल स्थित पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी में दो साल का प्रशिक्षण लिया. इसके बाद वह 19 फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में कैप्टन के पद पर तैनात हुआ और करीब आठ साल तक सेना में रहा.

इस दौरान उसकी तैनाती दक्षिण वजीरिस्तान के लड्डा, उत्तरी वजीरिस्तान के मीरानशाह और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के कोटली जिले के खुईरट्टा सेक्टर जैसे संवेदनशील इलाकों में रही. वर्ष 2010 में उसने पाकिस्तानी सेना से बगावत कर दी और बाद में BLA में शामिल हो गया.