भारतीय मूल के एक शख्स ने दावा किया है कि उनकी जान उनकी कार ने बचाई. यह घटना अमेरिका के एक फ्रीवे पर हुई, जब ऋषि वोहरा नाम के व्यक्ति गाड़ी चला रहे थे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि वह सामान्य ड्राइव पर थे, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई.
वोहरा के मुताबिक, उन्होंने करीब 17 घंटे तक कुछ नहीं खाया था और दवा लेने के बाद उन्हें तेज एलर्जिक रिएक्शन हो गया. उसी दौरान वह अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहे थे. तभी उनकी हालत तेजी से खराब हुई और वह गाड़ी चलाते हुए बेहोश हो गए.
वोहरा ने बताया कि उनकी टेस्ला कार में उस समय Full Self-Driving (FSD) फीचर चालू था. जैसे ही कार के ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम को लगा कि ड्राइवर रिस्पॉन्स नहीं दे रहा है, कार ने खुद ही स्पीड कम कर दी.
कार ने हैजर्ड लाइट ऑन की और सुरक्षित तरीके से सड़क के किनारे जाकर रुक गई. इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ और न ही किसी अन्य वाहन को नुकसान पहुंचा.
🚨 My Tesla literally saved my life yesterday. What started as a normal drive turned terrifying fast.
— RV (@rishivohra) February 19, 2026
I unintentionally fasted for 17 hours, took some medicine, and had a severe allergic reaction. My body shut down—I passed out while driving on the freeway, mid-conversation with… pic.twitter.com/kvPcafs24s
फोन पर बात करते-करते जब वोहरा अचानक चुप हो गए, तो उनकी पत्नी को शक हुआ. उन्होंने तुरंत Life360 ऐप की मदद से इमरजेंसी सर्विस को सूचना दी. करीब पांच मिनट में मदद पहुंच गई.
इमरजेंसी टीम ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक इलाज दिया. होश में आने के बाद वोहरा ने गाड़ी को वहीं छोड़ने से मना कर दिया. उन्होंने बताया कि कार ने खुद ही उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी रूम तक पहुंचा दिया.
अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें भर्ती किया गया और रातभर निगरानी में रखा गया. अगले दिन उनकी हालत सामान्य हो गई और उन्हें छुट्टी दे दी गई.
वोहरा की पोस्ट पर एलन मस्क ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, “खुशी हुई तुम ठीक हो!” वोहरा ने अपनी पत्नी और Tesla कंपनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि लाइफ-सेविंग टेक्नोलॉजी है.