menu-icon
India Daily

IND W vs AUS W: कंगारूओं का घमंड फिर हुआ चकनाचूर, भारत की शेरनियों ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर रचा इतिहास

भारत की महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी व निर्णायक मुकाबला खेला गया. इस मैच में भारत ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराकर इतिहास रच दिया है. 

Anuj
Edited By: Anuj
IND W vs AUS W: कंगारूओं का घमंड फिर हुआ चकनाचूर, भारत की शेरनियों ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर रचा इतिहास
Courtesy: @BCCIWomen

नई दिल्ली: भारत की महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी व निर्णायक मुकाबला खेला गया. इस मैच में भारत ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हरा दिया.

इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर 2-1 से अपना कब्जा जमा लिया. भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में पहली बार ऑस्ट्रेलिया की धरती पर द्विपक्षीय सीरीज जीती है. 

स्मृति मंधाना की तूफानी पारी 

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए. जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट पर 159 रन ही बना सकी. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला भारतीय टीम के लिए बिल्कुल सही साबित हुआ. सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई. उन्होंने 55 गेंदों का सामना करते हुए 82 रनों की बेहतरीन पारी खेली. अपनी इस पारी में मंधाना ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए, जिससे टीम को मजबूत शुरुआत मिली. 

जेमिमा रोड्रिग्स ने लगाया अर्धशतक

स्मृति मंधाना के अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने भी शानदार पारी खेली. जेमिमा रोड्रिग्स ने 46 गेंदों में 59 रन बनाए और रन गति को बनाए रखा. वहीं, ऋचा घोष ने भी 18 रनों का उपयोगी योगदान देकर टीम का स्कोर 176 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में एनाबेल सदरलैंड ने दो विकेट हासिल किए, जबकि सोफी मोलिनेक्स और किम गार्थ को एक-एक सफलता मिली.

ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. टीम ने 19 रन के स्कोर पर ही पहला विकेट गंवा दिया, जब जॉर्जिया वोल 10 रन बनाकर आउट हुई. इसके बाद बेथ मूनी भी सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गई.

लगातार गिरते विकेटों के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम कभी भी लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ती नजर नहीं आई. हालांकि, एश्ले गार्डनर ने 57 रनों की जुझारू पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला. ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया.

भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित और आक्रामक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया. श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने तीन-तीन विकेट लेकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया. इनके अलावा अरुंधति रेड्डी ने दो विकेट झटके, जबकि रेणुका सिंह ठाकुर को एक सफलता मिली.