menu-icon
India Daily

इजराइल-हमास युद्ध के तीन साल, 1 लाख ठिकानों पर हमले; कितनी बदली जंग की तस्वीर?

इजराइल और हमास के बीच शुरू हुए युद्ध को तीन साल पूरे हो गए हैं. 7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजराइल पर हमास के बड़े हमले के बाद शुरू हुआ यह संघर्ष धीरे-धीरे गाजा से निकलकर लेबनान, ईरान, सीरिया, यमन और इराक तक पहुंच गया.

Shilpa Shrivastava
इजराइल-हमास युद्ध के तीन साल, 1 लाख ठिकानों पर हमले; कितनी बदली जंग की तस्वीर?
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: इजराइल और हमास के बीच शुरू हुए युद्ध को तीन साल पूरे हो गए हैं. 7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजराइल पर हमास के बड़े हमले के बाद शुरू हुआ यह संघर्ष धीरे-धीरे गाजा से निकलकर लेबनान, ईरान, सीरिया, यमन और इराक तक पहुंच गया. अब इजराइल की सेना ने पिछले तीन साल के अपने सैन्य ऑपरेशन्स से जुड़े नए आंकड़े जारी किए हैं. इजराइल के मुताबिक, इस दौरान उसकी सेना ने करीब 1 लाख ठिकानों को निशाना बनाया. इनमें गाजा, लेबनान, सीरिया, ईरान और यमन में किए गए हमले शामिल हैं.

7 अक्टूबर 2023 को कैसे शुरू हुई जंग?

हमास के लड़ाकों ने दक्षिणी इजराइल में कई जगहों पर हमला किया था. इन जगहों में रिहायशी इलाके, सैन्य ठिकानों समेत एक आउटडोर म्यूजिक फेस्टिवल को भी निशाना बनाया गया. इजराइल ने बताया कि इस हमले में करीब 1,200 लोगों की मौत हुई। वहीं, 251 लोगों को बंदी बनाया गया था और गाजा ले जाया गया था। जंग के अगले ही दिन लेबनान स्थित ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह ने भी इजराइल की उत्तरी सीमा पर हमले शुरू कर दिए. इसके बाद संघर्ष का दायरा लगातार बढ़ता गया.

1 लाख ठिकानों पर हमले का दावा:

इजराइली सेना यानी IDF के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद करीब 1,00,000 ठिकानों पर हमले किए गए. इनमें लगभग 65,000 ठिकाने गाजा में, 28,000 ठिकाने लेबनान और सीरिया में, 4,500 ठिकाने ईरान में और 80 ठिकाने यमन में शामिल हैं. हालांकि, अलग-अलग मोर्चों पर सीजफायर और समझौतों के बाद हाल के समय में लड़ाई पहले के मुकाबले काफी कम हुई है.

गाजा में कितनी मौतें हुईं?

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, युद्ध शुरू होने के बाद गाजा में 74,200 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है. इस आंकड़े में आम नागरिकों और लड़ाकों को अलग-अलग नहीं बताया गया है. इजराइली सेना का कहना है कि हमास की ओर से बताए गए कुल मौतों के आंकड़े काफी हद तक सही हो सकते हैं. IDF के अधिकारियों का अनुमान है कि मारे गए हर हमास लड़ाके के मुकाबले करीब दो से तीन आम नागरिकों की मौत हुई.

24 हजार से ज्यादा हमास लड़ाकों को मारने का दावा:

इजराइली सेना का दावा है कि उसने गाजा में 24,000 से ज्यादा हमास लड़ाकों को मार गिराया है. हमले के दौरान इजराइल में घुसे करीब 1,600 हमास लड़ाकों के मारे जाने का भी दावा किया गया है. IDF के मुताबिक, उसने हमास की सैन्य शाखा के कई बड़े कमांडरों को भी निशाना बनाया. इनमें चार शीर्ष नेता, 17 ब्रिगेड कमांडर, करीब 30 बटालियन कमांडर और लगभग 300 कंपनी कमांडर शामिल हैं.

इजराइल का कहना है कि हमास अब 7 अक्टूबर से पहले जैसी सैन्य और प्रशासनिक ताकत नहीं रखता. हालांकि, उसके मुताबिक संगठन दोबारा संगठित होने और हथियार जुटाने की कोशिश कर रहा है.

गाजा के कितने हिस्से पर इजराइल का नियंत्रण?

इजराइल के मुताबिक, सीजफायर के दौरान गाजा में उसके नियंत्रण वाला क्षेत्र बढ़ा है. सेना का दावा है कि अब वह गाजा पट्टी के करीब 63 फीसदी हिस्से पर नियंत्रण रखती है. यहां IDF ने करीब 40 सैन्य पोस्ट भी बनाए हैं. वहीं, वेस्ट बैंक में भी सैन्य कार्रवाई जारी रही. इजराइली सेना के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2023 के बाद से उसने पूछताछ के लिए 45,000 से ज्यादा वांटेड फिलिस्तीनियों को गिरफ्तार किया है.

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद वेस्ट बैंक में इजराइली सेना की कार्रवाई में 1,100 से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हुई है. इस तरह तीन साल बाद भी यह संघर्ष पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. गाजा में युद्ध, बंधकों का मुद्दा और क्षेत्रीय तनाव अब भी मध्य पूर्व की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल हैं.