menu-icon
India Daily

ईरान का दावा, अमेरिकी F-16 पर मिसाइल से हमला; अमेरिका ने बताया झूठ

मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है.  ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया.

Shilpa Shrivastava
ईरान का दावा, अमेरिकी F-16 पर मिसाइल से हमला; अमेरिका ने बताया झूठ
Courtesy: ANI X

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है.  ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया.  ईरान के मुताबिक, एयर डिफेंस सिस्टम से दागी गई मिसाइल विमान के पास फटी, जिससे पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.  हालांकि, अमेरिका ने ईरान के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. 

ईरानी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात होर्मुज स्ट्रेट के आसपास हुई.  शनिवार को जारी बयान में ईरानी सेना ने कहा कि उसके देश में विकसित एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिकी लड़ाकू विमान की पहचान की और उसे ट्रैक किया.  इसके बाद विमान की ओर मिसाइल दागी गई.

ईरानी सेना ने किया दावा:

ईरानी सेना का दावा है कि मिसाइल विमान के नजदीक जाकर फटी, जिससे उसे नुकसान पहुंचा.  इसके बाद अमेरिकी पायलट को मिशन रोकना पड़ा और नजदीकी एयरबेस पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी.  हालांकि, ईरान ने उस एयरबेस का नाम नहीं बताया, जहां विमान उतरा. 

अमेरिका ने ईरान के दावे को बताया झूठ:

ईरान के दावे के बाद अमेरिका की ओर से भी प्रतिक्रिया आई.  यूएस सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि ईरान का अमेरिकी F-16 विमान पर हमला करने का दावा गलत है.  अमेरिका के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में तैनात उसके सभी लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं और किसी विमान को इस तरह नुकसान नहीं पहुंचा है. इस तरह दोनों देशों के दावों में विरोधाभास है.  ईरान हमले और विमान को नुकसान पहुंचाने की बात कह रहा है, जबकि अमेरिका इसे पूरी तरह नकार रहा है.

अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को भी निशाना बनाने का दावा: 

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक अलग बयान में अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन पर हमला करने का दावा भी किया है.  संगठन के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर निगरानी कर रहे इस ड्रोन को ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने पहचानकर निशाना बनाया. IRGC ने दावा किया कि अब तक उसने 58 अमेरिकी ड्रोन नष्ट किए हैं.  हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर क्यों बढ़ रही है चिंता?

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है.  यहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और ऊर्जा उत्पाद दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचते हैं.  इस इलाके में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य गतिविधियां बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता पैदा हो सकती है. इसी बीच IRGC के कमांडर मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने संगठन के एक भूमिगत मिसाइल केंद्र का दौरा किया.  यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ने की खबरें आ रही हैं. फिलहाल अमेरिकी विमान पर हमले और ड्रोन को नष्ट करने के ईरानी दावों को लेकर दोनों देशों के बयान अलग-अलग हैं.  ऐसे में वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के लिए स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार है.