menu-icon
India Daily

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने क्यों की थी पाकिस्तान की मदद? जानें इसके पीछे की असली रणनीति; अमेरिकी रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

अमेरिकी कांग्रेस के एक पैनल की सालाना रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान को सैन्य और तकनीकी सहायता दी थी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने क्यों की थी पाकिस्तान की मदद? जानें इसके पीछे की असली रणनीति; अमेरिकी रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Courtesy: Pinterest

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान को सैन्य और तकनीकी मदद देकर भारत के खिलाफ उसकी ताकत बढ़ाने की कोशिश की थी. अमेरिकी कांग्रेस के एक पैनल की सालाना रिपोर्ट में यह बड़ा दावा किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, चीन सिर्फ पाकिस्तान की सैन्य मदद नहीं कर रहा था, बल्कि सीमा पर अपनी ताकत बढ़ाकर और आर्थिक दबाव बनाकर भी भारत को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है.

भारत और पाकिस्तान के बीच मई 2025 में हुए सैन्य संघर्ष के दौरान चीन की भूमिका को लेकर कई सवाल उठे थे. अब अमेरिकी कांग्रेस के एक पैनल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन ने इस संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को सैन्य और तकनीकी सहायता दी थी. रिपोर्ट के अनुसार, चीन का मकसद एशिया में भारत के बढ़ते प्रभाव को रोकना था.

ऑपरेशन सिंदूर में चीन ने पाकिस्तान की कैसे मदद की?

अमेरिकी पैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन दिनों तक चले संघर्ष के दौरान चीन ने पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने में मदद की थी. चीन ने सीधे युद्ध में हिस्सा नहीं लिया, लेकिन तकनीकी सहायता और सैन्य सहयोग के जरिए पाकिस्तान का साथ दिया.

इससे पहले चीन ने भी सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान को तकनीकी मदद देने की बात स्वीकार की थी. चीनी सरकारी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में इंजीनियर झांग हेंग ने बताया था कि वह उस टीम का हिस्सा थे, जिसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई थी.

झांग के मुताबिक, उनकी टीम का उद्देश्य पाकिस्तानी वायुसेना के सैन्य उपकरणों को उनकी पूरी क्षमता के साथ काम करने लायक बनाना था. इसमें पाकिस्तान के पास मौजूद J-10CE लड़ाकू विमानों से जुड़ी तकनीकी सहायता भी शामिल थी. वहीं, लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह ने भी दावा किया था कि चीन ने संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को भारत की सैन्य तैनाती से जुड़ी रियल टाइम जानकारी दी थी.

LAC के पास सैन्य ताकत बढ़ा रहा चीन

अमेरिकी रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन की रणनीति सिर्फ पाकिस्तान की मदद करने तक सीमित नहीं है. वह वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC के पास अपनी सैन्य सुविधाओं का विस्तार कर रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, चीन सीमा के नजदीक एयरफील्ड, रेलवे और दूसरी जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित कर रहा है. इन सुविधाओं की मदद से चीन जरूरत पड़ने पर अपने सैनिकों और सैन्य उपकरणों को तेजी से सीमा तक पहुंचा सकता है. अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी दोनों देशों के बीच तनाव और सैन्य गतिविधियां जारी रहने का जिक्र किया गया है.

हालांकि, साल 2024 में पूर्वी लद्दाख में चार साल से चले आ रहे सैन्य गतिरोध को खत्म करने के लिए भारत और चीन के बीच सहमति बनी थी. इसके बाद दोनों देशों ने रिश्तों को सामान्य बनाने की कोशिश की, लेकिन सीमा पर चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं. चीन हिंद महासागर में भी अपनी नौसेना की मौजूदगी और निगरानी गतिविधियां बढ़ा रहा है.

आर्थिक मोर्चे पर भी भारत को घेरने की कोशिश

अमेरिकी पैनल की रिपोर्ट में चीन की आर्थिक रणनीति को लेकर भी चिंता जताई गई है. रिपोर्ट के अनुसार, चीन जरूरी औद्योगिक सामान, तकनीक और मशीनों की सप्लाई को प्रभावित करके भारत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है. इसमें दावा किया गया है कि चीन ने भारत को कुछ जरूरी औद्योगिक सामान का निर्यात रोका. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े चीनी इंजीनियरों को वापस बुलाने और उपकरणों की सप्लाई प्रभावित करने जैसे कदम भी उठाए गए.

रिपोर्ट में दवा उद्योग में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल का भी जिक्र है. इसके मुताबिक, चीन ने कुछ कच्चे माल की कीमतों में भारी कमी की है, जिससे भारतीय कंपनियों के सामने प्रतिस्पर्धा की चुनौती बढ़ सकती है. इसके अलावा बैटरी तकनीक के निर्यात पर चीन के नियंत्रण को भी भारत के क्लीन एनर्जी क्षेत्र के लिए चुनौती बताया गया है.

भारत-अमेरिका सहयोग बढ़ाने की सलाह

अमेरिकी पैनल ने अपनी रिपोर्ट में भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक सहयोग मजबूत करने पर जोर दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अपनी सैन्य ताकत और घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है. साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में चीनी कंपनियों की भूमिका को सीमित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.

हालांकि, भारतीय उद्योग अभी भी कई जरूरी मशीनों और पुर्जों के लिए चीन पर निर्भर है. इस निर्भरता को कम करने के लिए भारत को निवेश, नई तकनीक और मजबूत सप्लाई चेन की जरूरत होगी. रिपोर्ट में रक्षा तकनीक, खुफिया जानकारी साझा करने, समुद्री सुरक्षा और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग बढ़ाने की सिफारिश की गई है. अमेरिकी पैनल का मानना है कि एशिया में चीन के बढ़ते प्रभाव को संतुलित करने में भारत की भूमिका बेहद अहम है. यही वजह है कि चीन भारत की सैन्य और आर्थिक ताकत को अपने रणनीतिक हितों के लिए चुनौती मानता है.