menu-icon
India Daily

रूस के ब्लैक सी में अचानक भड़की आग, टैंकर में फंसी 23 भारतीयों की जान; ऐसे हुआ बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

रूस के ब्लैक सी तट पर एक अनमैन्ड वेसल के हमले के बाद लाइबेरिया के झंडे वाले टैंकर ‘एफ्रामैक्स रियो’ में भीषण आग लग गई.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
रूस के ब्लैक सी में अचानक भड़की आग, टैंकर में फंसी 23 भारतीयों की जान; ऐसे हुआ बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
Courtesy: @golgeveri (Videograb)

नई दिल्ली: ब्लैक सी में एक हमले के बाद समुद्र के बीच टैंकर में आग लगने से अचानक अफरा तफरी मच गई. लाइबेरिया के झंडे वाले टैंकर ‘एफ्रामैक्स रियो’ को अनमैन्ड वेसल के हमले का सामना करना पड़ा. देखते ही देखते जहाज से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं. इस मुश्किल घड़ी में सबसे बड़ी चिंता टैंकर पर मौजूद क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को लेकर थी, क्योंकि जहाज पर सभी 23 सदस्य भारतीय नागरिक थे.

घटना की जानकारी सामने आते ही इमरजेंसी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.रूस की ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री के अनुसार, बचाव दल ने टैंकर पर मौजूद सभी 23 भारतीय क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया.राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है.सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जहाज आग की लपटों से घिरा और उसके ऊपर आसमान तक घना धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगा.

हमले के बाद धधक उठा टैंकर

रूस की ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री ने टेलीग्राम पर जारी रिपोर्ट में बताया कि अनमैन्ड वेसल के हमले के बाद ‘एफ्रामैक्स रियो’ में आग लगी. टैंकर लाइबेरिया के झंडे के तहत संचालित हो रहा था. जहाज पर मौजूद सभी 23 क्रू मेंबर भारतीय नागरिक थे. राहत और बचाव अभियान के दौरान सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया. मंत्रालय ने साफ किया कि इस घटना में किसी क्रू मेंबर को चोट नहीं आई.

आग की लपटों के बीच चला रेस्क्यू

घटना के बाद फायरफाइटर्स ने आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई शुरू की. रूस के दक्षिणी क्रास्नोडार इलाके में स्थित सिरियस के स्थानीय अधिकारियों ने सबसे पहले टैंकर में आग लगने की जानकारी दी थी. इसके बाद बचाव और आपातकालीन गतिविधियां जारी रहीं. अधिकारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके के समुद्र तटों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया, ताकि किसी तरह का अतिरिक्त खतरा न रहे.

धीरे-धीरे कमजोर पड़ी आग

रूस की ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री के मुताबिक, कुछ समय बाद आग की लपटें धीमी पड़ने लगीं. इसके बाद फायरफाइटर्स के पास आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद थे. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में जहाज से निकलता घना धुआं साफ नजर आया. इस घटना ने ब्लैक सी क्षेत्र में समुद्री जहाजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी, खासकर तब जब जहाज किसी हमले की चपेट में आया हो.

पहले भी भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमला

इससे पहले ब्लैक सी में एक रूसी ड्रोन द्वारा कार्गो शिप को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई थी. उस जहाज के क्रू में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल थे. हमले में शिप के कैप्टन की मौत हो गई थी, जबकि एक भारतीय क्रू मेंबर के घायल होने की जानकारी सामने आई थी. रोमानिया स्थित भारतीय दूतावास ने बाद में बताया था कि तीनों भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं.हमले के बाद ‘एमवी रोयाद ममादोव’ में भीषण आग लगी और जहाज डूब गया.