अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव का माहौल है. ईरान ने 3 जून को कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन हमला किया था, जिसकी वजह से पूरे इलाके में तनाव की नई लहर पैदा हो गई. ईरान के इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, वहीं 63 लोग घायल हो गए. इस घटना से जुड़ी एक वीडियो सामने आई है.
कुवैती नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने हमले का सर्विलांस फुटेज जारी कर ईरान पर सीधा आरोप लगाया है. जिससे ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे नाजुक युद्धविराम पर गहरा संकट पैदा हो गया है.
DGCA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जो फुटेज साझा किया है, वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि टर्मिनल की इमारत पर एक वस्तु टकराती है, जिसके बाद जोरदार धमाका होता है और छत का एक बड़ा हिस्सा ढह जाता है. फुटेज में देखा जा सकता है कि हमले के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच जाती है. घटना के तुरंत बाद बचाव कार्य चलाया जाता है, जो साफ नजर आ रहा है. घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर सभी उड़ान सेवाएं रोक दी गईं. आपातकालीन टीमें पहुंचीं और घायल यात्रियों व स्टाफ को सुरक्षित निकाला गया. इस अटैक ने एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसकी मरम्मत में कई दिन लग सकते हैं.
اللحظات الأولى للاعتداء الإيراني الغاشم من قبل المسيرات الذي تعرض له مبنى الركاب T1 في مطار الكويت الدولي بتاريخ 3 يونيو 2026 وتسبب بخسائر بالأرواح وإصابات بشرية بليغة وأضرار مادية جسيمة
— الطيران المدني (@Kuwait_DGCA) June 3, 2026
The first moments following the brutal Iranian drone attack on Terminal 1 (T1) at Kuwait… pic.twitter.com/eTzQoVXB4K
कुवैत के DGCA ने फुटेज के साथ जारी बयान में इस घटना को ईरान की क्रूर ड्रोन आक्रामकता बताया. डीजीसीए ने कहा कि इस हमले में लोगों की जान गई, कई गंभीर रूप से घायल हुए और बुनियादी ढांचे को भारी क्षति हुई है. कुवैत की सेना ने भी इसे आपराधिक आक्रामकता करार देते हुए पूरी जांच का भरोसा दिलाया है. वहीं दूसरी ओर ईरानी सेना ने इन दावों को मानने से पूरी तरह इनकार कर दिया है.
ईरानी अधिकारियों का दावा है कि यह नुकसान अमेरिका निर्मित पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइल की तकनीकी खराबी के कारण हुआ. उन्होंने कहा कि यह मिसाइल ईरानी मिसाइलों को रोकने में नाकाम रही और खुद ही नीचे गिर गई. दोनों पक्षों के विरोधाभासी बयानों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय में चिंता बढ़ा दी है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि मृतक एक भारतीय नागरिक था. दूतावास ने मृतक के परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने और घायलों की देखभाल के लिए तत्काल कदम उठाए हैं.