नई दिल्ली: ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर कई खबरें वायरल रही हैं. नई जानकारी के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल के एक जानलेवा मिसाइल हमले से बस कुछ ही सेकंड से मोजतबा खामेनई बच निकले. एक रिपोर्ट के अनुसार, जब मिसाइल उनके परिसर में गिरी, उससे कुछ पल पहले ही वो वहां से निकल गए थे.
इस हमले से मोजतबा तो बच निकले थे, लेकिन उनके पिता पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, कई वरिष्ठ अधिकारी और परिवार के सदस्य मारे गए. यह हमला ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष की शुरुआत में हुआ था.
यह पूरी कहानी ईरानी अधिकारियों की एक निजी बैठक से लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग के जरिए पता चली. सर्वोच्च नेता के ऑफिस के प्रोटोकॉल का काम संभालने वाले मोजाहिर हुसैनी के अनुसार, मोजतबा कुछ समय के लिए बगीचे में गए थे. साथ ही कहा, "ईश्वर की यही इच्छा थी कि मोजतबा किसी काम से आंगन में जाएं और फिर वापस लौटें."
आगे बताया कि जब मिसाइलें इमारत पर गिरीं, तब वह बाहर थे और सीढ़ियों से ऊपर की तरफ जा रहे थे. एक मिसाइल उस जगह पर गिरी जहां अली खामेनेई बैठे थे. दूसरी मिसाइल ऊपरी मंजिल पर स्थित मोजतबा के अपने कमरे पर गिरी. तीसरी मिसाइल उसी परिसर के अंदर मोजतबा के बहनोई के घर पर गिरी.
लीक हुई रिकॉर्डिंग में हुसैनी के अनुसार, इस हमले में ईरान के सैन्य प्रमुख मोहम्मद शिराजी के टुकड़े-टुकड़े हो गए थे. उन्होंने कहा, "उन्हें शिराजी का कुछ भी नहीं मिल पाया. आखिर में उन्हें कुछ किलो मांस मिला. जब इसकी पहचान की गई तो यह शिराजी के रूप में हुई. हुसैनी ने कथित तौर पर बताया कि एक और मिसाइल उसके बहनोई के घर पर इतनी जोर से गिरी कि वो नीचे की तरफ चली गई और उनके सिर के दो हिस्से हो गए. मोजतबा को पैर में मामूली चोट आई और वो इस हमले में बच गए.
युद्ध शुरू होने के बाद से मोजतबा खामेनेई कभी सामने नहीं आए. एक ईरानी सरकारी टीवी पर उनका एक मैसेज सामने आया था, जिसमें उन्होंने सभी की मौत का बदला लेने का वादा किया था. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मुद्दो को लेकर कहा कि अमेरिकी अधिकारियों को मोजतबा की वास्तविक स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है.