नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की कोशिश की तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. ट्रंप का यह बयान अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की सुरक्षा को लेकर सामने आई धमकियों के बाद आया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को वॉशिंगटन स्थित उनके घर से हटाकर एक सैन्य ठिकाने पर पहुंचाया गया है. चलिए जानते हैं ट्रंप ने ईरान को क्या धमकी दी है.
एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान अमेरिकी अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा. बेसेंट को मिली धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा कि ऐसी स्थिति में ईरान का अस्तित्व भी खतरे में पड़ सकता है. इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर उनके दूसरे दूसरे राष्ट्रपति कार्यकाल के खत्म होने तक ईरान की मौजूदा सरकार सत्ता में बनी रहती है तो वह इसे अपनी हार मानेंगे. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान में अच्छी स्थिति में है.
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप पर अलग-अलग देशों की ओर से दबाव बना हुआ है. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू चाहते हैं कि अमेरिका ईरान पर दोबारा हमले शुरू करे. वहीं, क्षेत्र के कुछ देश मौजूदा हालात को और बिगड़ने से रोकने की अपील कर रहे हैं.
ट्रंप के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, बहरीन और कुवैत के नेताओं ने साफ किया है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. दूसरी तरफ, ईरान लगातार कहता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम केवल शांतिपूर्ण और नागरिक जरूरतों के लिए है.
ईरान ने अमेरिका के सामने शांति समझौते के लिए सात मांगें भी रखी हैं. इनमें आर्थिक प्रतिबंध और नाकेबंदी हटाना तथा ईरान की जब्त संपत्तियों को मुक्त करना शामिल है. अब दोनों देशों के बीच बातचीत और सैन्य तनाव को लेकर आगे क्या फैसला होता है, इस पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है.