menu-icon
India Daily

चीन में पहली बार एक मंच पर आएंगे ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन! परमाणु हथियारों से लेकर ईरान तक होगी चर्चा

दुनिया की राजनीति में अगले हफ्ते एक बड़ी कूटनीतिक मुलाकात होने जा रही है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार एक साथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे.

Shilpa Shrivastava
चीन में पहली बार एक मंच पर आएंगे ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन! परमाणु हथियारों से लेकर ईरान तक होगी चर्चा
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दुनिया की राजनीति में अगले हफ्ते एक बड़ी कूटनीतिक मुलाकात होने जा रही है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहली बार एक साथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे. व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है. यह बैठक चीन के शेनझेन शहर में होने वाले एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट के दौरान आयोजित की जाएगी.

इस बैठक को अंतरराष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि तीनों देशों के बीच कई मुद्दों पर मतभेद हैं. ऐसे में पूरी दुनिया की नजर इस बात पर होगी कि तीनों नेता किन मुद्दों पर बातचीत करते हैं और क्या कोई नई पहल सामने आती है.

परमाणु हथियारों को कम करने पर होगी चर्चा:

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप इस बैठक में दुनिया भर में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने का मुद्दा उठाएंगे. ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का लगातार बढ़ना पूरी दुनिया के लिए खतरनाक है.

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप चाहते हैं कि परमाणु हथियारों को कम करने के लिए तीनों देश बातचीत की शुरुआत करें. हालांकि, अमेरिका को इस पहली बैठक से किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं है. अधिकारियों ने इसे भविष्य में होने वाली बातचीत की शुरुआत बताया है.

ईरान का मुद्दा भी उठाएंगे डोनाल्ड ट्रंप:

परमाणु हथियारों के अलावा ईरान का मुद्दा भी इस बैठक के एजेंडे में शामिल हो सकता है. एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के सामने ईरान से जुड़े हालात पर चर्चा कर सकते हैं.

हालांकि, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का मुद्दा इस त्रिपक्षीय बैठक में उठने की संभावना नहीं है. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन को लेकर अमेरिका और रूस के बीच अलग स्तर पर बातचीत चल रही है और चीन उस बातचीत का हिस्सा नहीं है.

पहले जिनपिंग से मिलेंगे ट्रंप:

चीन में होने वाली इस यात्रा के दौरान ट्रंप पहले शी जिनपिंग के साथ अलग से द्विपक्षीय बैठक करेंगे. इसके बाद दोनों नेता एक साथ लंच भी करेंगे. फिर इस कार्यक्रम के बाद पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक होगी. फिलहाल ट्रंप और पुतिन के बीच अलग से आमने-सामने की बैठक का कोई कार्यक्रम तय नहीं किया गया है.