menu-icon
India Daily

'ईरान अपने पास से परमाणु हथियार हटाने के लिए तैयार', डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया को दिया नया संदेश

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थानीय मीडिया को दिए एक इंटरव्यू के दौरान कई बड़े दावे किए हैं. उन्होंने दावा किया है कि ईरान ने यह मान लिया है कि वह अपने पास परमाणु हथियार नहीं रखेगा. उन्होंने ईरान के साथ चल रहे युद्ध को लेकर भी कई बातें कही है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'ईरान अपने पास से परमाणु हथियार हटाने के लिए तैयार', डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया को दिया नया संदेश
Courtesy: Pinterest

अमेरिका-ईरान के बीच जंग को शुरू हुए अब तीन महीने से भी ज्यादा हो चुके हैं. हालांकि इन तीन महीनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न जाने कितने दावे किए हैं. अब स्थानीय मीडिया से बात करते हुए उन्होंने एक नया दावा किया है. ट्रंप का कहना है कि ईरान मान गया है कि उसके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे.

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस इंटरव्यू के दौरान यह संदेश दिया कि दोनों देशों के बीच जल्द ही समझौता हो सकता है. उन्होंने कहा कि ईरान इस बात के लिए तैयार है कि उनके पास कोई परमाणु हथियार नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि हम समझौते के काफी करीब हैं.

ईरान के साथ समझौते पर क्या बोले ट्रंप

अमेरिकी मीडिया ने जब राष्ट्रपति से ईरान के साथ समझौते के बारे में पूछा, तो ट्रंप ने जवाब दिया कि हम इसके बहुत करीब आ गए हैं. कुछ बातें हैं, लेकिन बहुत बड़ी बातें भी नहीं लगतीं. उन्होंने मान लिया है कि उनके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे. ट्रंप ने कहा कि मुझे ये कभी न खत्म होने वाली लड़ाइयां पसंद नहीं हैं, हम काफी हद तक युद्धविराम की अच्छी स्थिति की ओर हैं.

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस जंग को लेकर कहा कि मुझे केवल एक शक्तिशाली और खतरनाक देश को परमाणु हथियार रखने से रोकना था क्योंकि वे कभी  भी इसका इस्तेमाल कर सकते थे. हालांकि जब मीडिया की ओर से यह पूछा गया कि क्या ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों पर लगे प्रतिबंध हटाए जाएंगे तो उन्होंने केवल नहीं कहकर बात को खत्म कर दिया.

ईरान खुद नहीं किया तो अमेरिकी सैनिक करेंगे

ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान के साथ कोई समझौता होता है, तो अमेरिका उसकी परमाणु सामग्री को बाहर निकालेगा और उसे नष्ट कर देगा. वहीं अगर समझौता नहीं होता है तो हम ऐसा करने के लिए सैन्य शक्ति का इस्तेमाल करेंगे. उन्होंने ईरान शासन के बारे में बात करते हुए कहा कि यह उनके लिए बहुत मुश्किल रहने वाला है. ऐसी कई चीजें हैं, जिनके बारे में उन्होंने सोचा भी नहीं होगा, लेकिन अब उन्हें वो सब करनी पड़ेगी. क्योंकि उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है. इस बातचीत के दौरान उन्होंने ईरान के सुप्रीम लीडर को लेकर भी कई बड़े दावे किए. ट्रंप ने कहा कि उन्हें पता है कि मोजतबा खामेनेई अभी कहां हैं और किस हाल में हैं. उनका दावा है कि ईरान को हर दिन लगभग 500 मिलियन डॉलर का नुकसान हो रहा है. हालांकि ईरान की ओर से कहानी बिल्कुल अलग बताई जा रही है.