प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 13 नवंबर 2026 को बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के एलिवेटेड सेक्शन का उद्घाटन करेंगे. इस नई मेट्रो सेवा के शुरू होने से बेंगलुरु के लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि इस सेक्शन के शुरू होने के साथ ही शहर का मेट्रो नेटवर्क पहली बार 100 किलोमीटर के आंकड़े को पार कर जाएगा.
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 12:45 बजे मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके बाद वह तवारेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी करेंगे. पिंक लाइन का यह नया एलिवेटेड कॉरिडोर 7.2 किलोमीटर लंबा है. हालांकि, आम यात्रियों के लिए इस सेवा की शुरुआत 14 नवंबर 2026 से होगी.
बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के जिस हिस्से का उद्घाटन किया जा रहा है, वह कलेना अग्रहरा से तवारेकेरे तक फैला है. इस 7.2 किलोमीटर लंबे सेक्शन में कुल छह स्टेशन बनाए गए हैं. इनमें कलेना अग्रहरा, हुलिमावु, आईआईएमबी (बिलेकाहल्ली-आईआईएमबी), जेपी नगर 4th फेज, जयदेव अस्पताल और तवारेकेरे शामिल हैं.
#WATCH | Karnataka | Preparation visuals from Bengaluru ahead of the arrival of Prime Minister Narendra Modi in the city for the inauguration of Namma Metro Pink Line PM Modi will also inaugurate the Golden Jubilee celebrations of Prashanti Kutiram and the birth centenary commemoration of Mananeeya HV Sheshadri at S-VYASA University
— ANI (@ANI) November 13, 2026Also Read
इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को न्यूनतम 10 रुपये और अधिकतम 30 रुपये किराया देना होगा. किराया यात्रा की दूरी के आधार पर तय किए गए मेट्रो के सामान्य स्लैब के अनुसार लागू होगा. 14 नवंबर से यात्री इस नए कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकेंगे.
नम्मा मेट्रो की पूरी पिंक लाइन की लंबाई 21.26 किलोमीटर है. इस कॉरिडोर पर कुल 18 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें 12 भूमिगत और 6 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं. फिलहाल एलिवेटेड सेक्शन के उद्घाटन के बाद यात्रियों को इस रूट के एक महत्वपूर्ण हिस्से पर मेट्रो की सुविधा मिलेगी.
पिंक लाइन के भूमिगत स्टेशनों में डेयरी सर्कल, लक्कासंद्रा, लैंगफोर्ड टाउन, नेशनल मिलिट्री स्कूल, एमजी रोड, शिवाजी नगर, कैंटोनमेंट, पॉटरी टाउन, टैन्नरी रोड, वेंकटेशपुरा, कडुगुंडनहल्ली और नागवारा शामिल हैं. पूरे कॉरिडोर को तवारेकेरे से नागवारा तक विकसित किया जा रहा है. इसके 2027 तक पूरा होने की संभावना है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बेंगलुरु-मेंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे. यह ट्रेन बेंगलुरु के यशवंतपुर जंक्शन से गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच चलेगी. इस पूरी यात्रा में करीब 13 घंटे का समय लगने की उम्मीद है. इससे कर्नाटक और गोवा के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी.
प्रधानमंत्री अपने बेंगलुरु दौरे के दौरान 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं में शहरी परिवहन, बिजली ट्रांसमिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम इंफ्रास्ट्रक्चर, कचरा प्रबंधन और रेलवे से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं.
इस दौरान करीब 4,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कर्नाटक के कोप्पल-II और गडग-II नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों के लिए ट्रांसमिशन योजना का उद्घाटन किया जाएगा. इसके अलावा दावणगेरे-चित्रदुर्ग और बल्लारी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों को जोड़ने वाली ट्रांसमिशन योजना की आधारशिला रखी जाएगी.
प्रधानमंत्री मंगलुरु में भारत की सबसे बड़ी भूमिगत एलपीजी भंडारण गुफा भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इसे 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है. इन परियोजनाओं से कर्नाटक में परिवहन, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.