चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को एक बार फिर ताइवान को चीन के नियंत्रण में लाने का संकल्प दोहराया. उन्होंने कहा कि देश का पूर्ण एकीकरण सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी का अटल ऐतिहासिक मिशन है और इसे हर हाल में पूरा किया जाएगा.
बीजिंग में चीनी राष्ट्रवादी नेता सन यात-सेन की 160वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिनपिंग ने यह बात कही. उन्होंने कहा कि ताइवान का मुद्दा सुलझाना और राष्ट्रीय एकीकरण हासिल करना सभी चीनी लोगों की साझा इच्छा है.
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, जिनपिंग ने ताइवान जलडमरूमध्य के दोनों ओर रहने वाले लोगों और दुनियाभर में बसे चीनी समुदायों से एकजुट होकर उन ताकतों का विरोध करने की अपील की, जिन्हें बीजिंग ताइवान की आजादी का समर्थक मानता है.
उन्होंने कहा कि चीन ताइवान के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के साथ बातचीत और विचार-विमर्श के लिए तैयार है. हालांकि, इसके लिए उन्हें 'वन चाइना प्रिंसिपल' और 1992 की सहमति को स्वीकार करना होगा.
जिनपिंग ने कहा कि चीन ताइवान की मौजूदा परिस्थितियों के साथ वहां के लोगों के हितों और भावनाओं का भी ध्यान रखेगा. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अलगाववादी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि चीन का पूर्ण एकीकरण निश्चित रूप से होकर रहेगा और इसे कोई नहीं रोक सकता.
चीन ने शांतिपूर्ण तरीके से ताइवान के एकीकरण के लिए 'वन कंट्री, टू सिस्टम' व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है. इस व्यवस्था के तहत ताइवान को चीन का हिस्सा बनाते हुए कुछ अलग प्रशासनिक अधिकार दिए जाने की परिकल्पना है. बीजिंग ताइवान को अपना हिस्सा मानता है और उसे अपने नियंत्रण में लेने के लिए सैन्य ताकत के इस्तेमाल की संभावना से भी इनकार नहीं करता.
वहीं, 1992 की सहमति का मतलब है कि चीन और ताइवान के प्रतिनिधियों के बीच इस बात पर अनौपचारिक समझ बनी थी कि एक ही चीन है, हालांकि उसकी राजनीतिक व्याख्या को लेकर दोनों पक्षों की राय अलग हो सकती है.