नई दिल्ली: भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क को लेकर एक और महत्वपूर्ण कदम सामने आया है. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे और BRICS समिट के बीच China Southern Airlines ने ग्वांगझू-नई दिल्ली के बीच सीधी उड़ान सेवा फिर शुरू करने का ऐलान किया है. करीब छह साल तक बंद रहने के बाद यह सेवा 21 सितंबर से दोबारा शुरू होगी.
China Southern Airlines ने शनिवार को बताया कि ग्वांगझू और नई दिल्ली के बीच नियमित यात्री उड़ानें 21 सितंबर से संचालित की जाएंगी. एयरलाइन के मुताबिक, इसके बाद दक्षिण एशिया में उसके आठ राउंड ट्रिप रूट पर हर सप्ताह 100 से ज्यादा उड़ानें संचालित होंगी. यह फैसला ऐसे समय आया है जब भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क धीरे-धीरे फिर सामान्य हो रहा है.
भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवाएं कोरोना महामारी के दौरान प्रभावित हुई थीं. इसके बाद डोकलाम और गलवान घाटी में हुए तनाव के कारण दोनों देशों के संबंधों में भी काफी खटास आई. इन परिस्थितियों के बीच दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क लंबे समय तक सामान्य नहीं हो पाया.
हालांकि 2026 में दोनों देशों के बीच एयर कनेक्टिविटी को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है. फरवरी में Air India ने करीब छह साल के अंतराल के बाद New Delhi-China उड़ानें फिर शुरू की थीं. इसके बाद अप्रैल में Air China ने Beijing-Delhi सेवा बहाल की. इससे भारत और चीन के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिली.
China Eastern Airlines ने भी 18 अप्रैल से Kunming-Kolkata के बीच सीधी उड़ान सेवा दोबारा शुरू की. वहीं 30 मार्च को IndiGo ने Kolkata-Shanghai के बीच रोजाना नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू की. इसके साथ ही भारत और चीन के बीच हवाई संपर्क को दोबारा मजबूत करने की प्रक्रिया तेज हुई.
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आ रहे हैं. भारत यात्रा के दौरान शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होनी है.
चीनी राष्ट्रपति के साथ चीन के वरिष्ठ अधिकारी भी भारत आ रहे हैं. उनके प्रतिनिधिमंडल में CPC केंद्रीय समिति के पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य और CPC केंद्रीय समिति के जनरल ऑफिस के निदेशक काई ची तथा चीन के विदेश मंत्री वांग यी शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक शनिवार शाम 5:45 बजे निर्धारित है. वहीं शी जिनपिंग के नई दिल्ली पहुंचने का समय 12:25 बजे बताया गया है.