menu-icon
India Daily

तालिबान ने पाकिस्तान के नूरखान एयरबेस पर बोला हमला, भारत ने भी Op सिंदूर में ब्रह्मोस से किया था तबाह

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उनकी वायुसेना ने पाकिस्तान के कई बड़े सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए.

Shilpa Shrivastava
तालिबान ने पाकिस्तान के नूरखान एयरबेस पर बोला हमला, भारत ने भी Op सिंदूर में ब्रह्मोस से किया था तबाह
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बॉर्डर पर अब भयंकर लड़ाई चल रही है. दोनों देश एक-दूसरे पर हवाई हमले कर रहे हैं, और हालात बहुत तनावपूर्ण हो गए हैं. अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को जोरदार जवाब दिया है. अफगान रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनकी वायुसेना ने पाकिस्तान के कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई और ड्रोन हमले किए हैं. 

इनमें रावलपिंडी का नूर खान एयरबेस, क्वेटा का 12 कोर मुख्यालय, खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मद एजेंसी इलाके में ख्वाजाई कैंप और कुछ अन्य कमांड सेंटर शामिल हैं. बता दें कि नूर खान एयरबेस वही जगह है जहां 2025 में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल से बड़ा हमला किया था, जिससे वहां काफी नुकसान हुआ था.

पाकिस्तान की सेना को हुआ बहुत बड़ा नुकसान:

अफगानिस्तान का कहना है कि ये हमले पूरी सटीकता से किए गए और पाकिस्तान की सेना को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है. पाकिस्तान की तरफ से अभी इन हमलों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. दूसरी तरफ, पाकिस्तान का दावा है कि उसकी सेना ने बड़े ऑपरेशन में अफगान तालिबान को भारी नुकसान पहुंचाया है. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा है कि अब तक 415 तालिबान लड़ाके मारे जा चुके हैं और 580 से ज्यादा घायल हुए हैं. 

पाकिस्तानी फोर्सेस ने अफगान चेकपोस्ट किए तबाह:

पाकिस्तान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि पाकिस्तानी फोर्सेस ने 182 अफगान चेकपोस्ट तबाह कर दिए हैं, 31 पर कब्जा कर लिया है. साथ ही 185 टैंक, बख्तरबंद गाड़ियां और तोपें भी नष्ट की गई हैं. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 46 जगहों पर हवाई हमले किए हैं. उनका कहना है कि यह ऑपरेशन 'घज़ब लिल हक' (सही गुस्सा) अभी भी जारी है और लक्ष्य पूरा होने तक चलेगा.

क्यों किया गया यह हमला: 

अफगानिस्तान ने कहा है कि पाकिस्तान ने पहले रात और सुबह काबुल, बगराम और अन्य इलाकों के ऊपर अपने विमान उड़ाए, जो अफगान हवाई क्षेत्र में घुस आए थे. इसे हवाई उल्लंघन मानकर अफगानिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पाकिस्तान ऐसा दोहराता रहा तो आगे भी सख्त जवाब मिलेगा.