देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश के साथ तेज आंधी की चेतावनी दी गई है.
पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पश्चिम बंगाल और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास भारी बारिश के आसार हैं. 17 सितंबर को ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी मौसम को प्रभावित कर रहा है.
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, अयोध्या में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. बिहार के जहानाबाद, सारण, सिवान, बक्सर, गया, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज और लखीसराय में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट है.
दिल्ली में मध्यम से तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी कई जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है.
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की तेज हवाओं की चेतावनी है. पंजाब में 45 से 50, राजस्थान में 50 से 60 और मध्य प्रदेश में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने किसानों और मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. तेज आंधी के दौरान पेड़ और कमजोर ढांचे गिरने का खतरा बना रह सकता है.