menu-icon
India Daily

नाबालिग ने नर्सिंग होम के शौचालय में दिया बच्चे को जन्म, खिड़की से बाहर फेंका; नवजात की मौत

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में 16 वर्षीय नाबालिग ने कथित तौर पर नर्सिंग होम के शौचालय में नवजात बच्ची को जन्म देने के बाद उसे खिड़की से बाहर फेंक दिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नाबालिग ने नर्सिंग होम के शौचालय में दिया बच्चे को जन्म, खिड़की से बाहर फेंका; नवजात की मौत
Courtesy: Pinterest

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर नर्सिंग होम के शौचालय में बच्चे को जन्म देने के बाद उसे खिड़की से बाहर फेंक दिया. इस घटना में नवजात बच्ची की मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नर्सिंग होम के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को शुक्रवार देर रात पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद उत्तरपाड़ा नगरपालिका के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. परिवार के लोग उसे सामान्य पेट दर्द की परेशानी समझकर अस्पताल लेकर पहुंचे थे. उन्हें कथित तौर पर इस बात की जानकारी नहीं थी कि लड़की गर्भवती है.

शौचालय में दिया बच्चे को जन्म

उत्तरपाड़ा पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह लड़की के पेट में दर्द बढ़ गया. इसके बाद वह खुद नर्सिंग होम के शौचालय में चली गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने वहां बिना किसी की मदद के नवजात को जन्म दिया. आरोप है कि जन्म देने के कुछ मिनट बाद ही उसने बच्ची को शौचालय की खिड़की से बाहर फेंक दिया.

घटना के कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति की नजर खून से लथपथ हालत में पड़े नवजात पर पड़ी. उसने तुरंत अधिकारियों को इसकी सूचना दी. इसके बाद नर्सिंग होम की एक नर्स बच्ची को अंदर ले जाने के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने बताया कि नवजात बच्ची थी.

नर्सिंग होम प्रबंधन ने किया यह दावा

नर्सिंग होम की संचालक सुचेता मुखर्जी ने बताया कि लड़की को शुक्रवार देर रात भर्ती कराया गया था. शनिवार सुबह उसके खून की जांच भी की गई थी. उनके मुताबिक, भर्ती के समय कर्मचारियों ने लड़की के परिवार से कई बार पूछा था कि क्या वह गर्भवती हो सकती है, लेकिन परिवार ने इस बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया था.

मुखर्जी ने बताया कि शनिवार सुबह पेट में दर्द बढ़ने पर लड़की खुद शौचालय गई थी. वहीं उसने बच्चे को जन्म दिया और कथित तौर पर उसे खिड़की से बाहर फेंक दिया.

परिवार ने गर्भावस्था की जानकारी होने से किया इनकार

नाबालिग की मां ने बताया कि परिवार को बेटी की गर्भावस्था के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि शुक्रवार शाम बेटी के पेट में तेज दर्द होने पर वे उसे नर्सिंग होम लेकर आए थे. शनिवार सुबह अस्पताल से फोन आने के बाद उन्हें इस घटना का पता चला.

सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी पुलिस

पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है. अधिकारी के मुताबिक, नर्सिंग होम के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी. इसके अलावा नाबालिग के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी. जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

वहीं, स्थानीय निवासी शंख शुभ्र बनर्जी ने दावा किया कि नर्सिंग होम परिसर में इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है. उनके मुताबिक, इससे पहले भी परिसर से एक भ्रूण बरामद किया गया था. हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है.