menu-icon
India Daily

चेन्नई के टेक महिंद्रा कैंपस में लगी भीषण आग, काले धुंए के गुबार से ढंक गया इलाका; सामने आया वीडियो

चेन्नई के टेक महिंद्रा कैंपस में वेयरहाउस में भीषण आग लग गई जिससे इलाके में धुआं फैल गया. सभी कर्मचारी सुरक्षित निकाल लिए गए और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
चेन्नई के टेक महिंद्रा कैंपस में लगी भीषण आग, काले धुंए के गुबार से ढंक गया इलाका; सामने आया वीडियो
Courtesy: @rajeshreddyega

चेन्नई के करापक्कम इलाके में स्थित टेक महिंद्रा कैंपस में भीषण आग लग गई. यह कैंपस ELCOT SEZ के अंदर शोलिंगनल्लूर के पास मौजूद है. बताया जा रहा है कि आग कंपनी के एक वेयरहाउस (गोदाम) क्षेत्र में लगी जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

आग लगने से इलाके में फैली दहशत

जानकारी के अनुसार आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में घना धुआं उठने लगा जो काफी दूर से भी दिखाई दे रहा था. धुएं के कारण शोलिंगनल्लूर और आसपास के इलाकों में लोगों में दहशत फैल गई. सुरक्षा के तौर पर कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई परेशान न आए. तुरंत ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने में जुट गईं.

कोई हताहत नहीं

कंपनी की तरफ से जानकारी दी गई है कि आग लगने के तुरंत बाद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है. समय पर की गई कार्रवाई और सुरक्षा टीम की सतर्कता के कारण स्थिति को और बिगड़ने से रोक लिया गया है.

यहां देखें वीडियो

प्रवक्ता ने की घटना की पुष्टि

टेक महिंद्रा कंपनी के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके चेन्नई वेयरहाउस में आग लगी थी लेकिन इसे स्थानीय प्रशासन और इमरजेंसी सर्विस की मदद से जल्दी ही नियंत्रित कर लिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि सभी कर्मचारी और साइट पर मौजूद लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं.

कंपनी द्वारा बताया गया है कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह का खतरा नहीं बचा है. एहतियात के तौर पर पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है. साथ ही कंपनी हालात पर लगातार नजर रख रही है और जांच में प्रशासन को पूरा सहयोग दे रही है. 

आग लगने के कारणों को नहीं चल सका पता

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. इस घटना की जांच जारी है ताकि यह समझा जा सके कि आग कैसे लगी. जरूरत पड़ने पर इलाके में काम की समीक्षा भी की जाएगी. हालांकि इस घटना से कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया था लेकिन प्रशासन और फायर टीम के क्विक एक्शन से स्थिति जल्दी ही सामान्य हो गई और एक बड़ी दुर्घटना होने से पहले ही टल गई.