menu-icon
India Daily

राहुल गांधी पर BJP का तीखा वार, विदेशी संगठनों से कथित लिंक को लेकर उठे सवाल

बीजेपी ने फॉक्स न्यूज की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर विदेशी संगठनों के साथ कथित संबंधों तथा प्रदर्शनों के समन्वय को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
राहुल गांधी पर BJP का तीखा वार, विदेशी संगठनों से कथित लिंक को लेकर उठे सवाल
Courtesy: Pinterest

भारतीय जनता पार्टी ने फ्रांस में हुए दंगों और भारत में हुए एंटी-सीईसी प्रदर्शनों के बीच कथित संबंधों को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. बीजेपी ने दावा किया कि यह रिपोर्ट कांग्रेस के कथित 'अराजकता और सत्ता परिवर्तन की साजिश' से जुड़े सवाल खड़े करती है. हालांकि, कांग्रेस की ओर से बीजेपी के इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई.

फॉक्स न्यूज डिजिटल की जांच रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 13 देशों में 101 ऐसे संगठनों की पहचान की गई है, जो विरोध प्रदर्शनों के समन्वय, आयोजन या उन्हें बढ़ावा देने से जुड़े बताए गए हैं. रिपोर्ट में फ्रांस के प्रदर्शनों के साथ भारत और कुछ अन्य देशों में युवाओं के नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के बीच कथित संबंधों का भी जिक्र किया गया है.

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने क्या बताया?

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला किया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के सामने अराजकता और 'गद्दारी' का मॉडल पेश कर रहे हैं. भाटिया ने विदेशी एजेंसियों से कथित संबंधों का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के खिलाफ बेहद गंभीर शब्दों का इस्तेमाल किया.

भाटिया ने दावा किया कि जांच में नौ देशों में संगठनों के एक ऐसे नेटवर्क का जिक्र है, जो निर्वाचित सरकारों को हटाने की कोशिश से जुड़ा है. उन्होंने इसे 'रेड-ग्रीन प्रोटेस्ट इकोसिस्टम' बताया. उनके मुताबिक रिपोर्ट में कम्युनिस्ट और इस्लामी समूहों के बीच कथित समन्वय की बात कही गई है.

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि Global Chaos Inc grows to 101 groups नाम की जांच रिपोर्ट में प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल द्वारा फ्रांस, अल्बानिया और भारत में हुए प्रदर्शनों के बीच साझा संदेशों के समन्वय की बात सामने आई है.

भंडारी ने यह भी लगाया आरोप 

भंडारी ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने 10 जनपथ में 10 अप्रैल 2025 को प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी. उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या पार्टी ने प्रदर्शनों के दौरान प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल के साथ किसी तरह का समन्वय किया था. बीजेपी ने कांग्रेस से इन आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करने और कथित संपर्कों के बारे में जवाब देने की मांग की है. फिलहाल कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है.