कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी शुरुआत की. अपने पहले पोस्ट में उन्होंने अपनी आगामी संस्मरण पुस्तक 'Belonging: A Journey of Love' की पहली झलक साझा की. सोनिया गांधी ने इस मौके पर लोगों के प्रति आभार जताते हुए अपनी किताब से जुड़ा वीडियो भी पोस्ट किया.
सोनिया गांधी ने अपने पहले इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि वह 'Belonging: A Journey of Love' की पहली झलक सभी के साथ साझा करते हुए बेहद आभारी हैं. उन्होंने बताया कि यह किताब प्रेम, कर्तव्य, बिछड़ने और अपनेपन की तलाश की कहानी है. सोनिया गांधी ने कहा कि वह इस कहानी को पाठकों के साथ साझा करने का इंतजार कर रही हैं.
'Belonging: A Journey of Love' में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के कई निजी और महत्वपूर्ण पड़ावों को समेटा है. संस्मरण में युद्ध के बाद के इटली में बीते उनके बचपन से लेकर भारत आने तक के सफर और उन व्यक्तिगत अनुभवों का जिक्र है, जिन्होंने उनके जीवन को गहराई से प्रभावित किया.
किताब में सोनिया गांधी ने कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान राजीव गांधी से अपनी मुलाकात और रिश्ते का भी उल्लेख किया है. इसके अलावा उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद जीवन में आए गहरे बदलावों और निजी दुखों को भी संस्मरण का हिस्सा बनाया है.
प्रकाशक Alfred A Knopf ने 18 अगस्त को घोषणा की थी कि सोनिया गांधी की यह संस्मरण पुस्तक 10 नवंबर को प्रकाशित होगी. यह किताब सोनिया गांधी के व्यक्तिगत जीवन, परिवार, प्रेम, जिम्मेदारियों और भारत से उनके जुड़ाव के विभिन्न पहलुओं को सामने लाएगी.
इटली में जन्मी सोनिया गांधी 19 साल की उम्र में इंग्लैंड के कैंब्रिज में पढ़ाई कर रही थीं, जब 1965 में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी. दोनों ने 25 फरवरी 1968 को विवाह किया था. सोनिया गांधी कांग्रेस की सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाली नेताओं में शामिल हैं.
सोनिया गांधी की किताब को लेकर राहुल गांधी भी अपनी खुशी जाहिर कर चुके हैं. राजीव गांधी की 82वीं जयंती के मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें गर्व और खुशी है कि उनकी मां की कहानी अब उन लाखों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं.
राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि उनके लिए अपनी निजी जिंदगी की कहानी दुनिया के सामने रखना आसान नहीं था. उन्होंने अपनी मां की किताब को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि राजीव गांधी भी उनकी कहानी को गर्व के साथ देखते. सोनिया गांधी का इंस्टाग्राम पर आना ऐसे समय में हुआ है, जब उनकी आगामी किताब को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है. अब पाठकों की नजर 10 नवंबर को किताब के आधिकारिक प्रकाशन पर रहेगी.