करूर: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय करूर शहर पहुंचे. यह दौरा पिछले साल हुए करूर भगदड़ की घटना के नौ महीने बाद हुआ है. उस भगदड़ में 41 लोगों की जान चली गई थी. सीएम विजय शुक्रवार को करूर में पीड़ित परिवारों के सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपने गए थे. इस मौके पर उन्होंने काले कपड़े पहने हुए थे. विजय भावुक नजर आए और उन्होंने कहा, “करूर भगदड़ की घटना बहुत दर्दनाक थी. हम अपनी बहनों के बच्चों को खो चुके हैं.”
बता दें कि पिछले साल विजय की चुनाव रैली के दौरान वेलुसामिपुरम में भारी भीड़ जुट गई थी. TVK पार्टी के समर्थकों की भीड़ में भगदड़ मच गई, जिसमें 41 लोग मारे गए और 100 से ज्यादा घायल हुए. इस मामले की जांच अभी CBI कर रही है.
विजय ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी पुलिस की थी. उन्होंने कहा, “मैंने पुलिस पर भरोसा किया था, लेकिन मुझे मौतों का जिम्मेदार ठहराया गया.” उन्होंने आगे कहा कि अगर पुलिस को भीड़ ज्यादा होने का अंदेशा था तो उन्हें उनकी टीम को पहले ही सूचना देनी चाहिए थी. पुलिस ने इसके बजाय नाटक किया और आरोप दूसरों पर लगाए.
सीएम विजय ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए घोषणा की कि उनकी पार्टी TVK की ओर से करूर में एक स्मारक (मेमोरियल) बनवाया जाएगा. उन्होंने कहा, “करूर मेरे दिल से कभी नहीं निकलेगा. पीड़ितों की याद में एक स्मारक बनाया जाएगा.” यह विजय का मुख्यमंत्री बनने के बाद करूर का पहला दौरा था. इस घटना ने पूरे राज्य में काफी चर्चा और राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया था.