menu-icon
India Daily

13 राज्यों में आंधी, तूफान और भारी बारिश का अलर्ट: कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में मौसम के तेजी से बदलने की चेतावनी जारी की है. अगले 10 घंटों में तेज आंधी, गरज चमक और भारी बारिश का असर दिखने लगेगा.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
13 राज्यों में आंधी, तूफान और भारी बारिश का अलर्ट: कई राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
Courtesy: ANI

भारतीय मौसम विभाग ने एक बार फिर देश के 13 राज्यों के लिए आंधी, तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार अगले 10 घंटों के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. कई क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. 

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण गुजरात से मध्य केरल तक फैली कम दबाव की द्रोणी और दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता के कारण दक्षिण भारत में नमी लगातार बनी हुई है. इसी वजह से बादलों का तेजी से विकास हो रहा है और तमिलनाडु के कई जिलों में रुक रुक कर बारिश की संभावना बनी हुई है. 

उत्तर भारत में भारी बारिश का खतरा

राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है. कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई गई है. हालांकि 11 जुलाई के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है. दिल्ली और एनसीआर में 10 और 11 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है. राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश में मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है. मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं सहित कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का अनुमान है. अगले दो से तीन दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

उत्तराखंड और बिहार में विशेष सतर्कता

उत्तराखंड में कई जिलों के लिए रेड और अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, टिहरी और देहरादून में अत्यधिक वर्षा, जलभराव, भूस्खलन और नदी नालों के उफान का खतरा बना हुआ है. अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. बिहार के पटना, गया, किशनगंज, भागलपुर, कटिहार, वैशाली, सुपौल और अन्य जिलों में भारी बारिश के साथ तूफान की चेतावनी जारी की गई है. राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, मनाली, रोहरू, सांगला और बिलासपुर सहित कई क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान है. राज्य में 15 जुलाई तक येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा.