menu-icon
India Daily

तमिलनाडु में कमजोर हुई बीजेपी, फायरब्रांड नेता अन्नामलाई ने पार्टी से दिया इस्तीफा

उन्होंने मंगलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा. इसके बाद अन्नामलाई ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
तमिलनाडु में कमजोर हुई बीजेपी, फायरब्रांड नेता अन्नामलाई ने पार्टी से दिया इस्तीफा
Courtesy: ani

तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रमुख अन्नामलाई ने मंगलवार को बीजेपी से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने मंगलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा. इसके बाद अन्नामलाई ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. दोनों के बीच एक घंटे से ज्यादा देर तक बातचीत हुई. हालांकि इस बैठक में क्या बात हुई यह अभी तक साफ नहीं हुआ है. पार्टी से नाराजगी की खबरों के बीच इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है.

अपना रास्ता खुद बनाना चाहता हूं

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और सचिव बीएल संतोष से मुलाकात के दौरान अन्नामलाई ने कथित तौर पर अच्छे संबंधों के साथ पार्टी से अलग होने की इच्छा जताते हुए कहा कि वह अब अपना रास्ता खुद बनाना चाहते हैं. हालांकि बीजेपी का नेतृत्व उन्हें मनाने की कोशिश कर रहा है और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कोई भूमिका दी जा सकती है. सूत्रों की मानें तो अन्नामलाई को अगली सूचना तक दिल्ली ना छोड़ने को कहा गया है. बता दें कि नैनार नागेन्द्रन को तमिलनाडु बीजेपी का नया प्रमुख बनाए जाने के बाद से अन्नामलाई  कम सक्रिय हो गए थे.

नई पार्टी बनाने पर कर रहे विचार

ऐसा माना जा रहा है कि अन्नामलाई नई पार्टी बनाने पर विचार कर रहे हैं. दरअसल, कोयंबटूर में उनके समर्थकों द्वारा लगाए गए विशाल पोस्टरों से इस तरह की अफवाएं फैल रही हैं. 4 जून को अन्नामलाई के जन्मदिन से पहले प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर 'हमारे नेता,आइए और हमारा नेतृत्व कीजिए' जैसे नारों वाले ये पोस्टर लगाए गए थे.

कौन हैं अन्नामलाई

पूर्व आईपीएस रहे अन्नामलाई 2020 में बीजेपी में शामिल हुए थे और तेजी से तमिलनाडु बीजेपी का एक प्रमुख चेहरा बन गए. 2021 से 2025 तक राज्य भाजपा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई राज्यव्यापी अभियानों का नेतृत्व किया और युवा मतदाताओं और सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बीच एक मजबूत समर्थन आधार बनाया.